International

रूस -यूक्रेन :अबतक 14 हजार रूसी सैनिकों की मौत, 780 यूक्रेनी नागरिकों ने जान गंवाई

कीव । यूक्रेन पर रूस के हमले के 23वें दिन रूसी सेना ने लवीव शहर को निशाना बनाया है। वहां रॉकेटों से हमला किया जा रहा है। इस बीच यूक्रेन का दावा है कि उसने अबतक 14 हजार रूसी सैनिकों को मौत के घाट उतार दिया है। संयुक्त राष्ट्र संघ ने इस लड़ाई में 780 यूक्रेनी नागरिकों की मौत की पुष्टि की है।

यूक्रेन पर रूस का हमला शुक्रवार को 23वें दिन भी जारी रहा। दुनिया की तमाम ताकतों के प्रयास के बावजूद रूस के हमलावर रुख में कोई परिवर्तन नहीं आया है। शुक्रवार को रूसी सेनाओं ने यूक्रेन के प्रमुख शहर लवीव को निशाना बनाया। लवीव के मेयर ने हवाई अड्डे के पास रूसी रॉकेटों के हमले की पुष्टि की है। यहां धमाकों की आवाज कई बार सुनी गई है। इस युद्ध में आम नागरिकों को भी जान गंवानी पड़ रही है। संयुक्त राष्ट्र संघ ने यूक्रेन में रूसी आक्रमण शुरू होने के बाद से अब तक यूक्रेन के 780 नागरिकों की मौत की पुष्टि की है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन ने अस्पतालों और स्वास्थ्य सुविधा केंद्रों पर 43 हमलों की पुष्टि की है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक टेड्रोस घेब्येयियस ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को बताया कि इन हमलों में 12 लोग मारे गए और 34 घायल हुए हैं। यूक्रेन भी जवाबी कार्रवाई में पीछे नहीं हट रहा है। यूक्रेन की एयर डिफेंड फोर्स ने दावा किया है कि उन्होंने रूस के 14 ठिकानों को तबाह कर दिया है। यह एयर स्ट्राइक 17 मार्च को की गई थी। हालांकि रूस को कितना नुकसान हुआ है? यह बात अभी सामने नहीं आई है। यूक्रेन की ओर से दावा किया गया है कि अब तक हुई जंग में 14 हजार से ज्यादा रूसी सैनिक मारे गए हैं। इसके अलावा रूस को 108 हेलिकॉप्टर्स और 864 वाहन भी गंवाने पड़े हैं।

रूसी विदेश मंत्री को चीन की हवाई यात्रा के आधी दूरी बाद क्यों लौटना पड़ा

वाशिंगटन । चीन यात्रा पर गए रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लवरोव को आधी हवाई यात्रा तय करने के बाद तत्काल स्वदेश क्यों लौटना पड़ा, इसे लेकर तरह-तरह के क़यास लगाए जा रहे हैं।जर्मन न्यूज़पेपर बिल्ड (BILD) की इस खबर पर अभी तक कोई सार्थक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन रूसी मीडिया में कहा जा रहा है कि उन्हें दोपहर एक बजे मास्को में प्रेस कांफ्रेंस करनी थी। अमेरिकी मीडिया में कहा जा रहा है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने उन्हें वापस लौटने के आदेश दिए थे। यह भी कहा जा रहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति और चीन के राष्ट्रपति के बीच शुक्रवार को तय फ़ोन की बातचीत से पूर्व इस तरह रूसी विदेश मंत्री के चीन पहुंचने पर चीनी नेताओं ने ही एतराज किया होगा।एक अन्य अख़बार ने लिखा है कि लवरोव मास्को के समयानुसार दोपहर एक बजे तक पहुंचे ही नहीं थे। वह सांझ ढलने पर मास्को पहुंचे।

ब्रिटेन ने यूक्रेन को एंटी-एयरक्राफ्ट सिस्टम सहित अन्य सैन्य मदद का किया ऐलान

लंदन। रूस के आक्रमण से जूझ रहे यूक्रेन को ब्रिटेन ने एंटी-एयरक्राफ्ट सिस्टम सहित अन्य सैन्य मदद देने का ऐलान किया है।ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि यूक्रेन के लिए एंटी-एयरक्राफ्ट सिस्टम स्टारस्ट्रेक के साथ ही अन्य सैन्य मदद मुहैया कराई जाएगी। ब्रिटेन ने नाटो रक्षा प्रमुखों के साथ बैठक के बाद यह घोषणा की। रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि नाटो की बैठक के दौरान ब्रिटिश रक्षामंत्री ने यूक्रेन को घातक और गैर-घातक समेत सैन्य आपूर्ति मुहैया कराए जाने पर सहमति व्यक्त की।जानकारी के अनुसार, अमेरिका ने यूक्रेन के लिए अतिरिक्त मदद का ऐलान किया है। रूस के हमले का सामना कर रहे यूक्रेन को 80 करोड़ डालर (करीब छह हजार करोड़ रुपये) की सुरक्षा मदद दी जाएगी। अमेरिकी राष्ट्रपति भवन व्हाइट हाउस ने एक बयान में इसकी घोषणा की।

वहीं रूस ने अमेरिका को गुरुवार को चेतावनी देते हुए कहा कि पूरी क्षमता के साथ जवाब दिया जाएगा। सभी को उनकी जगह पहुंचा दिया जाएगा। रूसी सुरक्षा परिषद के डिप्टी सेक्रेटरी दमित्रि मेदवेदेव ने आरोप लगाया कि रूस को झुकाने के लिए पश्चिम ने साजिश रची। इधर, क्रेमलिन ने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के उस बयान पर नाराजगी जाहिर की है, जिसमें उन्होंने अपने रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन का युद्ध अपराधी बताया। रूसी राष्ट्रपति भवन क्रेमलिन ने कहा कि यह अक्षम्य बयान है। जबकि रूस के डिजिटल मंत्रालय ने बताया कि सरकारी वेबसाइटें साइबर हमले का सामना कर रही हैं।

यूक्रेन में अब भी कुछ भारतीय मौजूद, ऑपरेशन गंगा जारी

नई दिल्ली । विदेश मंत्रालय ने कहा कि यूक्रेन से भारतीय नागरिकों को बाहर निकालने के लिये चलाया गया ऑपरेशन गंगा बंद नहीं हुआ है। अभी भी कुछ भारतीय छात्र एवं नागरिक वहां फंसे हुए हैं और उनमें से कुछ लोग यूक्रेन छोड़ना नहीं चाहते। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने गुरुवार को कहा कि हमारी जानकारी के अनुसार यूक्रेन में करीब 50 भारतीय रह गए थे। उनमें से भी कुछ लोग यूक्रेन से बाहर निकल आये हैं। इस समय 15 से 20 लोग वहां हो सकते हैं। हमारी जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले 50 नागरिक होने की सूचना थी। उनमें से कुछ लोग बाहर आ गए हैं। ऑपरेशन गंगा के माध्यम से करीब 22,500 भारतीय नागरिकों और छात्रों को वहां से निकाला गया है। भारतीय नागरिकों को यूक्रेन के रूसी क्षेत्र क्रिमिया और पश्चिमी सीमा क्षेत्र के माध्यम से भी निकाला गया है।

प्रवक्ता से अंतरराष्ट्रीय न्यायालय की ओर से रूस के खिलाफ सुनाये गए फैसले के बारे में भी पूछा गया। प्रवक्ता का ध्यान इस ओर दिलाया गया कि न्यायालय के भारतीय मूल के जज दलबीर भंडारी ने रूस के खिलाफ फैसले के पक्ष में थे, जबकि न्यायालय में रूस और चीन के जजों ने फैसले से असहमति व्यक्त की थी। प्रवक्ता ने कहा कि न्यायमूर्ति भंडारी को ‘भारतीय जज’ की संज्ञा देना उचित नहीं है। भंडारी न्यायालय के जज हैं, जो भारत से हैं। उन्होंने कहा कि न्यायालय का कोई न्यायाधीश क्या फैसला देता है यह विदेश मंत्रालय के लिये टीका टिप्पणी का सवाल नहीं है।(हि.स.)

VARANASI TRAVEL
SHREYAN FIRE TRAINING INSTITUTE VARANASI

Related Articles

Back to top button
%d bloggers like this: