बरेली : उत्तर प्रदेश के बरेली में पिछले छह महीने से न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रही दुष्कर्म पीड़िता ने एडीजी कार्यालय में सोमवार को जहरीला पदार्थ पीकर आत्महत्या का प्रयास किया। हालात बिगड़ने पर पीड़िता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसका उपचार किया जा रहा है।
इस घटना से पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया।पीलीभीत जिला स्थित थाना सुनगढ़ी के नौगब पकड़िया निवासी 17 वर्षीय किशोरी आज एडीजी कार्यालय पर अपनी बहन के साथ शिकायत करने आई थी। युवती की बहन ने बताया करीब छह महीने पहले उसके साथ उसके पड़ोसी युवक ने बरेली में रहने वाले साथी के साथ मिलकर दुष्कर्म किया था।
पीड़िता ने थाना सुनगढ़ी में आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं होने से वह निराश थी और वह आज दोपहर फिर शिकायत करने पहुचीं।(वार्ता)