
नयी दिल्ली : रामकृष्ण मठ और रामकृष्ण मिशन के अध्यक्ष श्री स्मरणानंदजी महाराज का मंगलवार को देर शाम कोलकाता के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 94 वर्ष के थे और आयु संबंधी रोगों से पीड़ित थे।रामकृष्ण मठ और रामकृष्ण मिशन बेलूर मठ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर यह जानकारी देते हुये कहा,“ गहरे दुख के साथ हम रामकृष्ण मठ और रामकृष्ण मिशन के अध्यक्ष स्वामी स्मरणानंदजी के मंगलवार, 26 मार्च 2024 को रात 8:14 बजे रामकृष्ण मिशन सेवा प्रतिष्ठान अस्पताल, कोलकाता में निधन की घोषणा करते हैं। वह 94 वर्ष के थे।
”प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वामी स्मरणानंदजी के निधन पर अपनी संवेदनायें प्रकट करते हुये कहा कि उन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन अध्यात्मिकताऔर लोगों की सेवा में समर्पित कर दिया।श्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर कहा,“ रामकृष्ण मठ और रामकृष्ण मिशन के श्रद्धेय अध्यक्ष श्रीमत स्वामी स्मरणानंद जी महाराज ने अपना जीवन आध्यात्मिकता और सेवा के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने अनगिनत दिलों और दिमागों पर एक अमिट छाप छोड़ी। उनकी करुणा और बुद्धिमत्ता पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। ” (वार्ता)
रामकृष्ण मिशन के अध्यक्ष के निधन पर मुख्यमंत्री ने अर्पित की विनम्र श्रद्धांजलि
लखनऊ । रामकृष्ण मिशन के अध्यक्ष श्रीमत स्वामी स्मरणानंद जी महाराज के निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखते हुए मुख्यमंत्री ने इसे आध्यात्मिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। उन्होंने लिखा, ”रामकृष्ण मिशन के पूज्य अध्यक्ष स्वामी स्मरणानंद जी महाराज का निधन अत्यंत दुःखद और आध्यात्मिक जगत की अपूरणीय क्षति है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। उनके अनुयायियों और परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। परमपिता परमेश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान और रामकृष्ण परिवार को यह अथाह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।”
बता दें कि श्रीमत स्वामी स्मरणानंद 95 वर्ष के थे। वह 2017 में रामकृष्ण मिशन के 16वें अध्यक्ष बने थे। उन्हें संक्रमण के कारण 29 जनवरी को कोलकाता स्थित रामकृष्ण मिशन सेवा प्रतिष्ठान में भर्ती कराया गया था, बाद में उन्हें सांस लेने में समस्या होने लगी। इसके बाद उन्हें तीन मार्च को वेंटिलेटर पर रखा गया था। उनका मंगलवार रात निधन हो गया। उनके निधन पर देशभर की जानी-मानी हस्तियों ने शोक व्यक्त किया है।