State

गुलमर्ग, पहलगाम और सोनमर्ग सहित कश्मीर के ऊपरी चोटियों में हिमपात ,मैदानी क्षेत्रों में बारिश हुई

केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में रविवार को गुलमर्ग, पहलगाम और सोनमर्ग सहित कश्मीर के ऊपरी चोटियों में हिमपात और मैदानी क्षेत्रों में बारिश हुई है।मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान आसमान में बादल छाए रहने से कश्मीर घाटी और लद्दाख में रात के तापमान में सुधार देखने को मिला है। श्रीनगर में आज का न्यूनतम तापमान 0.3 डिग्री सेल्सियस रहा, यहां शनिवार को 1.2 मिमी बारिश दर्ज की गयी है।उन्होंने कहा कि उत्तरी कश्मीर में गुलमर्ग के प्रसिद्ध स्की रिसार्ट में 10 सेंमी तक हिमपात हुआ, जिससे पर्यटकों को चेहरों में खुशी साफ नजर आ रही थी। इसके अलावा, अफ्फर्वत और कोंग्दूरी में भी करीब छह इंच तक बर्फबारी हुई।

इस दरमियान गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि शनिवार रात को यह शून्य से नीचे 6.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।दक्षिण कश्मीर के शोपियां में कल रात 1.5 सेमी तक हिमपात हुआ, जबकि बांदीपोरा के गुरेज में तीन से चार सेंमी तक हिमपात हुआ और इसके साथ ही मध्य कश्मीर के गुंड कंगन और सोनमर्ग में भी तीन सेंमी बर्फबारी हुई।जम्मू-कश्मीर राष्ट्रीय राजमार्ग के काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शनिवार को शून्य से नीचे चार डिग्री सेल्सियस की तुलना में शून्य से नीचे 1.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

दक्षिण कश्मीर में पहलगाम के मशहूर पर्यटक रिसॉर्ट में भी सात सेंमी हिमपात होने के साथ ही यहां का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 1.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और वहीं कोकेरनाग का शनिवार का तापमान शून्य से 3.5 डिग्री नीचे की तुलना में रविवार को शून्य से नीचे 1.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।कश्मीर का सीमांत जिला कुपवाड़ा का तापमान शनिवार के शून्य से नीचे 1.8 डिग्री की तुलना में आज 1.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

कुपवाड़ा में कल रात 1.3 मिमी बारिश हुई।सूत्रों के अनुसार द्रास, जोजिला दर्रा, कैप्टन मोरे सहित लद्दाख के ऊंची चाेटियों में हिमपात होने की रिपोर्ट सामने आयी है। इन स्थानों पर तीन से चार इंच तक बर्फबारी हुई है।मौसम विभाग के अनुसार लद्दाख के लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 9.2 डिग्री सेल्सियस, कारगिल में शून्य से 10.2 डिग्री नीचे और द्रास में शून्य से नीचे 9.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।

VARANASI TRAVEL
SHREYAN FIRE TRAINING INSTITUTE VARANASI

Related Articles

Back to top button
%d bloggers like this: