आप के संजय जैसे अपने हैं वैसा ही सबके बारे में सोचते : जयप्रताप सिंह
लखनऊ : जो जैसा रहता है उसे सब उसी तरह नजर आते हैं। यही हालत आप (आम आदमी पार्टी )के नेता संजय सिंह की है। उनका अतीत (सिनेमा का टिकट ब्लैक करने वाला) जगजाहिर है। वह उससे इतर सोच ही नहीं सकते। यही वजह है कि वह गाहे बगाहे उत्तरप्रदेश में आकर सरकार पर अनर्गल आरोप लगाते हैं।
यह बातें यूपी के स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह ने आज यहां जारी एक बयान में कही। उन्होंने कहा कि आज जब पूरे देश और दुनिया में कोरोना प्रबंधन के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की तारीफ हो रही है तब आप नेता बेसुरा राग अलाप रहे हैं। वह भी एक नहीं कई बार। शायद उनको यह नहीं पता कि बार बार बोलने से झूठ सच नहीं हो जाता।
दरअसल कोविड के प्रबंधन में दिल्ली में जिस तरह उनकी सरकार फेल रही और इस नाते उसकी हर जगह किरकरी हुई उसकी खिसियाहट वह उत्तरप्रदेश में आकर उतारते हैं। हालांकि प्रदेश की जनता संजय सिंह और उनकी पार्टी की हकीकत जानती है। उनकी बातों पर कोई गौर भी नहीं करता, पर खिसियानी बिल्ली की तरह खम्भा नोचने की आदत से बेचारे मजबूर हैं।
मालूम हो कि आप के नेता संजय सिंह ने आज लख़नऊ में एक पत्रकारवार्ता में चिकित्सीय उपकरणों की खरीद को लेकर उत्तरप्रदेश सरकार पर कुछ आरोप लगाये थे। इसके जवाब में जय प्रताप सिंह ने कहा कि उत्तरप्रदेश में किसी भी चीज के खरीद की व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी है।
हर खरीद के लिए टेंडर की प्रक्रिया अपनाई जाती है। हर मशीन की अलग गुणवत्ता होती है। उसीके अनुसार उसका दाम भी होता है। इस गुणवत्ता को विशेषज्ञ जानता है। टिकट ब्लैक करने वाला नहीं। रही बात कोरोना की तीसरी लहर की तैयारियों को लेकर तो इसके लिए योगी सरकार को संजय सिंह जैसे लोगों से सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं।