पत्नी से विवाद के बाद शराब के लती डॉक्टर ने अपने पिस्टल से खुद को उड़ाया
वाराणसी। शराब को खराब यूं ही नहीं कहा जाता इसके पीछे बड़ी वजह भी होती है। शराब के नशे में धुत चिकित्सक पहले पत्नी से विवाद किया फिर खुद को गोली मार ली। ताजा मामला भेलूपुर थाना क्षेत्र की कैवल्यधाम कॉलोनी का बताया गया है। स्थानीय निवासी व वैभव हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. पराग वाजपेयी ने रविवार की रात अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारकर जान दे दी। पुलिस के अनुसार शराब पीने को लेकर उनका पहले पत्नी से विवाद हुआ। बाद में वे सीधे अपने कमरें में गये व लाइसेंसी पिस्टल से कनपटी पर गोली मार ली।सिर में गोली आरपार हो गई।देर रात गोली की आवाज सुनकर परिजन जुटे उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया लेकिन उनकी मौत हो गई। गोली मारने की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची कमिश्नरेट की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस घटना से डॉक्टर के परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि रात में शराब पीने को लेकर पत्नी के नाराजगी जताने पर नशे की हालत में उन्होंने ऐसा आत्मघाती कदम उठा लिया। पराग वाजपेयी जनरल फिजिशियन थे और उनकी पत्नी डॉ. वाणी वाजपेयी स्त्री रोग विशेषज्ञ हैं। जानकारी के अनुसार डॉ. पराग काफी समय से शराब के लती हो चुके थे। अक्सर शराब पीने को लेकर उनका उनकी पत्नी से विवाद भी हो जाता था। बताया गया कि बीती रात भी दोनों में इस बात को लेकर मामूली विवाद हुआ जो इस बड़ी घटना में तब्दील हो गई। डॉक्टर वाजपेयी द्वारा इस तरह के कदम उठाने पर कई चिकित्सक दुःख जताते चर्चा करते दिखे।