UP Live

बेल्थरारोड चंद्रशेखर पार्क में पहली बार छठ पूजा की तैयारी से नगरवासियों में बढ़ा उत्साह

आस्था के महापर्व पर जुटेगा भक्तों का जनसैलाब.नप चेयरमैन प्रतिनिधि ने किया निरीक्षण .

बलिया: आस्था के महापर्व पर क्षेत्र के घाटों पर भक्तों का जनसैलाब उमड़ेगा। जिसके तहत जनपद बलिया के बेल्थरारोड तहसील में सरयू किनारे घाटों के अलावा नगर में बने चंद्रशेखर पार्क में भी इस बार छठ पूजा होगा। इसके लिए नगरपंचायत प्रशासन द्वारा विशेष तैयारी तेजी से जारी है। चंद्रशेखर पार्क में पहली बार छठ पूजा की तैयारी से इसके आसपास के मुहल्लों एवं नगरवासियों में छठ पूजा को लेकर उत्साह बढ़ गया है। अब नगर में छठ पूजास्थल की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। नपं चेयरमैन प्रतिनिधि दिनेश गुप्ता ने आज अस्थाई पोखरा निर्माण का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य तेज करने के निर्देश दिए।

उन्होंने समर्थकों के साथ नगर के सभी पोखरा घाटों पर भी हो रहे छठ पूजा की तैयारी का जायजा लिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि नगर में बढ़ रही आबादी और छठव्रती परिवार की बढ़ती संख्या के कारण नगर में भी छठ पूजन स्थल को बढ़ाना आवश्यक है ताकि छठ पूजा धूमधाम के साथ सकुशल संपन्न हो सके। नगर के रामलीला मैदान बिचला पोखरा, बिठुआ मार्ग का पोखरा, पश्चिम पोखरा, मालगोदाम रोड नवकापुरा एवं चंद्रशेखर पार्क पर छठ पूजा की तैयारी जोरशोर से जारी है। चंद्रशेखर पार्क एवं नवकापुरा के दो स्थानों पर कृत्रिम पोखरे का निर्माण किया गया है। इस मौके पर सभासद राममनोहर गांधी, समाजसेवी मनोज कुमार प्यारे, मृत्युंजय गुप्ता, पंकज मोदी, गोरख जायसवाल गुड्डू, विनोद समेत अनेक लोग मौजूद रहें।

फल एवं पूजन सामग्री से सजा बाजार

छठ पूजा को लेकर बेल्थरारोड नगर में फल एवं पूजन सामग्री से बाजार सज गया है। नगर के तीनमुहानी से रेलवे चौराहा तक जगह जगह फल की दुकानें लगाई गई है। छठ पर भगवान भाष्कर एवं छठ मईयों को चढ़ाया जाने वाला मौसमी फल के साथ ही अनेक प्रकार के फल बाजार में लाया गया है। सेव, केला, अनार, अमरुद, अंगुर, नासपाती, सिंगारा, मौसम्मी, शकरकंद के अलावा अन्नानास, शरीफा, मनरसा, ईख के साथ ही आलू बुखारा, ड्रैगन फ्रूट की विशेष रुप से दुकानें सजी है।

नगर में छठ पर खरीदारी को लेकर जाम की समस्या न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन ने भी विशेष चौकसी शुरु कर दी है। नगर में बड़े वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है। उभांव प्रभारी निरीक्षक विपिन सिंह के निर्देश पर सीयर पुलिस चौकी इंचार्ज देवेंद्र प्रजापति ने जाम से निपटने के लिए ट्रैफिक कंट्रोल के लिए वाहनों के आवाजाही के रुट को लेकर मास्टर प्लान तैयार कर लिया है। ताकि छठ पर नगर में जाम की समस्या से आसानी से निपटा जा सके।

Website Design Services Website Design Services - Infotech Evolution
SHREYAN FIRE TRAINING INSTITUTE VARANASI

Related Articles

Graphic Design & Advertisement Design
Back to top button