Site icon CMGTIMES

पुलिस का वाहन पलटा ,चालक सहित 8 पुलिसकर्मी घायल, एएसआई व 4 गंभीर कर्मी चिकित्सालय में भर्ती

सिंगरौली। मंगलवार को सुबह हुई एक अनहोनी में बरगंवां थाने में पदस्थ एएसआई एवं आधा दर्जन पुलिस कर्मी अस्पताल पहुंच गए। घटना लगभग 11 बजे दिन बरगवां थाना क्षेत्र के बड़ोखर में हुई बताई गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बरगंवां पुलिस के लोग बोलेरो वाहन से चितरंगी क्षेत्र के पुलिस फायरिंग रेंज की ओर जा रहे थे तभी एक भीषण हादसा पेश आया। बताया गया है कि विपरीत दिशा से अनियंत्रित गति से आ रहे एक बाइक सवार को बचाने की कवायद तेज गति से चल रहे बोलेेेरो के चालक ने की। लेकिन वाहन पर नियंत्रण खो देने के कारण पुलिस का वाहन पुल से नीचे जा गिरा। इस हादसे में बोलेरो सवार सभी पुलिसकर्मी व चालक घायल हो गए।
बताया गया है कि चितरंगी स्थित फायरिंग रेंज जा रहे पुलिसकर्मियों का वाहन ग्राम बड़ोखर पहुुँँचा था तभी विपरीत दिशा से आ रहा बाइक सवार पुलिस वाहन के सामने आ गया। जिसे बचाने के उपक्रम मेें पुलिस वाहन के चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन सहित पुल से नीचे गिर गया। घटना के बाद ग्राम बड़ोखर में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना पर आनन-फानन में थाने में पदस्थ पुलिसकर्मी डायल 100 व एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को उपचार हेतु ले जाया गया। इस घटना में सहायक उपनिरीक्षक एल एन द्विवेदी, प्रधान आरक्षक रमेश कोल, रामचरण सतनामी, आरक्षक अरविंद रावत एवं चालक लाल बहादुर केवट को गंभीर चोटें आई हैं। जिन्हें इलाज हेतु नेहरू शताब्दी चिकित्सालय में उपचारार्थ भर्ती कराया गया है। इस घटना में आरक्षक गणेश रावत व बृजेंद्र धाकड़ भी घायल बताए गए हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों ने अस्पताल पहुंच लिया जायजा
सिंगरौली। मंगलवार की सुबह पुलिस वाहन दुर्घटना के बाद नेहरू शताब्दी चिकित्सालय में भर्ती बरगवां थाना के घायल पुलिसकर्मियों में दो की हालत गंभीर बताई गई है। भर्ती कर्मियों का हाल जानने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे। दोपहर करीब डेढ़ बजे एएसपी अनिल सोनकर, सीएसपी देवेश पाठक, मोरवा एसडीओपी राजीव पाठक ने नेहरू चिकित्सालय पहुंचकर घायलों का हाल जाना। इस संदर्भ में अनुविभागीय अधिकारी राजीव पाठक ने बताया कि चालक लालबहादुर केवट एवं प्रधान आरक्षक रमेश कोल को स्पाइनल एवं अंदरूनी चोटें होने के कारण उन्हें आईसीयू में रखकर इलाज किया जा रहा है। वहीं चार अन्य कर्मियों को भी चोटें आई हैं, जिनका उपचार जारी है। जरूरत पड़ने पर उन्हें बेहतर इलाज हेतु बाहर भी रेफर करना पड़ा तो किया जाएगा। फिलहाल चिकित्सकों द्वारा उनका इलाज किया जा रहा है और उनकी स्थिति पर नजर रखी गई है। घटना के संदर्भ में उन्होंने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। ज्ञात हो कि आज सुबह फायरिंग रेंज की ओर जाते समय बरगवां पुलिस का वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर पुल से नीचे गिर गया था, जिसमें आधा दर्जन पुलिसकर्मी घायल हो गए।
Exit mobile version