National

उत्तर भारत में शीतलहर का प्रकोप जारी,अभी राहत के आसार नहीं

नयी दिल्ली : पश्चिमी विक्षोभ और पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से समूचे उत्तर भारत और कई अन्य राज्यों में बुधवार को भी शीतलहर का प्रकोप जारी रहा और मौसम मिजाज अगले 48 घंटे तक ऐसा ही बने रहने के आसार हैं।मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर समेत जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, राजस्थान, मध्यप्रदेश, बिहार और अन्य राज्यों में शीतलहर का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने दिल्ली में आगामी तीन चार दिनों में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान व्यक्त किया है।

मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में अगले तीन दिनों तक शीतलहर का प्रकोप भी जारी रहने का अनुमान जताया है। बुधवार सुबह 8.30 बजे के करीब दिल्ली के सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.1 डिग्री कम है।उत्‍तर प्रदेश में आज भी शीतलहर का कहर जारी है। प्रदेश के कई शहरों में अचानक तापमान में गिरावट देखते हुए मौसम विभाग ने 35 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है।

विभाग के अनुसार इन 35 जिलों में तापमान दो डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। विभाग ने प्रदेश में चल रही शीतलहर के मद्देनजर मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर और श्रावस्ती, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, ललितपुर था। झांसी के लिए भी रेड अलर्ट जारी किया गया है। बरेली में न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री, झांसी में छह डिग्री और मेरठ में 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

मध्यप्रदेश सर्द हवाओं और कोहरे के कारण समूचा प्रदेश कड़ाके की ठंड की चपेट में है। आज प्रदेश के 18 जिले ऐसे रहे, जहां ‘कोल्ड डे’ यानी शीतल दिन रहा, तो वहीं राजधानी भोपाल में लगातार दूसरे दिन ‘सीवियर कोल्ड डे’ यानी तीव्र शीतल दिन दर्ज किया गया।मौसम विज्ञान केन्द्र भोपाल के वैज्ञानिकों ने बताया कि उत्तर की ओर से आ रही सर्द हवाएं और कोहरे के चलते समूचा मध्यप्रदेश कडाके की ठंड की चपेट में है।

बैतूल, धार, भोपाल, ग्वालियर, होशंगाबाद, इंदौर, खंडवा, रतलाम, शिवपुरी, उज्जैन, छिंदवाड़ा जबलपुर, खजुराहो, नरसिंहपुर, नौगांव, रीवा, सागर, सिवनी और उमरिया में कोल्ड डे रहा, तो भोपाल और नौगांव में सीवियर कोल्ड डे रहा।नव वर्ष की शुरुआत के साथ ही प्रदेश में कड़ाके की ठंड का दौर प्रारंभ हुआ, जाे लगातार जारी है। अगले दो दिनों तक इस तरह से कड़ाके की ठंड बनी रहेगी। प्रदेश के उत्तर हिस्सों में कोहरे की मार पड़ी, जहां दोपहर तक कोहरा छाए रहने से धूप नहीं निकली और लोग ठंड से परेशान रहे।

भोपाल और इंदौर में सुबह के समय कोहरा देखा गया, हालांकि बाद में यहां धूप खिल गयी, लेकिन तेज सर्द हवाओं के चलते धूप का प्रभाव भी कम रहा और दिनभर ठिठुरन बनी रही।उधर कटनी जिले में भी ठंड का दौर लगातार जारी है। आज वहां कथित तौर पर ठंड से एक छात्र की मौत का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बारहवीं कक्षा में पढ़ने वाला 17 वर्षीय छात्र सुबह स्कूल गया था, वहां खेलते समय अचानक गिर गया और जब तक उसे अस्पताल ले जाया गया उसकी मौत हो गयी।

विभाग ने अगले चौबीस घंटों के दौरान रीवा, सागर, भोपाल, चंबल एवं नर्मदापुरम संभागों में तथा अनूपपुर, शहड़ोल, जबलपुर, मंडला, दतिया, नीमच, बालाघाट, नरसिंहपुर, शिवपुरी और मंदसौर जिलों में कहीं कहीं मध्यम से घना कोहरा छाए रहने तथा छतरपुर में तीव्र शीतल दिन रहने का ‘ओरेंज अलर्ट’ जारी किया है। इसके अलावा ग्वालियर, चंबल एवं नर्मदापुरम संभागों तथा सतना, पन्ना, भोपाल, निवाड़ी, रायसेन, दमोह, सागर, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, छिंड़वाड़ा, टीकमगढ़ और खंडवा जिलों में कहीं-कहीं शीतल दिन रहने की चेतावनी जारी की गयी है।

राजधानी भोपाल तथा उसके आसपास के क्षेत्रों में पिछले दो दिनों से जबर्दस्त ठंड पड़ने से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। यहां आज दूसरे दिन में सीवियर कोल्ड डे रहा, जिसके चलते दिन भर ठिठुरन बनी रही। अगले दो दिनों तक यहां इसी तरह का मौसम बना रह सकता है। यहां दिन का तापमान 17़ 9 डिग्री सेल्सियस और रात्रि की तापमान 7़ 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

जम्मू-कश्मीर में हाड़ कपाने वाली ठंड जारी है और श्रीनगर तथा कश्मीर घाटी के अन्य प्रमुख हिस्सों में रात के तापमान में और गिरावट आने से डल झील के अधिकांश हिस्सों एवं अन्य जलाशयों में पानी जम गया है।श्रीनगर में कल रात का न्यूनतम न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुलमर्ग को छोड़कर पूरे क्षेत्र में न्यूनतम तापमान में गिरावट के कारण श्रीनगर और अन्य जगहों पर स्थित जलाशयों में बर्फ की मोटी परत जम गई। जिन जलाशयों में बर्फ की परत जमी हैं, उनमें चुंटी खुल सहित प्रसिद्ध डल झील भी शामिल है।

मौसम विभाग ने बताया कि जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से शून्य से नीचे 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि इससे पिछली रात तापमान शून्य से नीचे 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। सीजन की इस अवधि के दौरान यह तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस कम है।दक्षिण कश्मीर में पहलगाम पर्यटन स्थल कश्मीर घाटी में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पिछली रात तापमान शून्य से नीचे 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग में बुधवार को न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 8.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि एक दिन पहले यह तापमान शून्य से 9.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था।दक्षिण कश्मीर में श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कोकेरनाग में आज न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 3.8 डिग्री सेल्सियस रहा है।कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान पिछले दिन के शून्य से नीचे 5.3 डिग्री की तुलना में शून्य से नीचे 6.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो इस मौसम के सामान्य से 3.5 डिग्री कम है।

मौसम विभाग ने जम्मू -कश्मीर में 07 जनवरी की दोपहर तक आसमान साफ रहने तथा मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है। जम्मू के मैदानी इलाकों में मध्यम से घना कोहरा छाने के साथ 06 जनवरी तक दिन में गर्म और रातें सर्द होने के आसार हैं।केन्द्रशासित प्रदेश के कई स्थानों में जनवरी के दूसरे सप्ताह के दौरान हल्की से मध्यम बारिश/बर्फबारी हो सकती है या फिर बादल छाए रहने का अनुमान है। प्रदेश में सात जनवरी को रात के समय छिटपुट स्थानों पर हल्की बर्फबारी होने का अनुमान जताया गया है।

मौसम विभाग ने आन्ध्र प्रदेश के एक या दो स्थानों पर अगले 48 घंटों के दौरान हल्की बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया हैं। मौसम विभाग ने आज बताया कि उत्तर तटीय आन्ध्र प्रदेश और यनम में अगले 24 घंटे के दौरान वर्षा होने के अनुमान हैं। उन्होंने बताया कि दक्षिण-उत्तर तटीय आन्ध्र प्रदेश, रायलसीमा और यनम क्षेत्र में अगले पांच दिनों के दौरान मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।उन्होंने बताया कि तटीय आंध्र प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान एक या दो स्थानों पर वर्षा हुई, जबकि रायलसीमा और यनम का मौसम शुष्क रहा।

इसी अवधि के दौरान दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा पर पूर्वोत्तर मानसून कमजोर रहा है। रिपोर्ट में बताया गया कि मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात को रायलसीमा के आरोग्यवरम में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।(वार्ता)

VARANASI TRAVEL
SHREYAN FIRE TRAINING INSTITUTE VARANASI

Related Articles

Back to top button
%d bloggers like this: