National

नीतीश कुमार ने आठवीं बार ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, दूसरी बार तेजस्वी बने उप मुख्यमंत्री

पटना : जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने आज बिहार में आठवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।राज्यपाल फागू चौहान ने बुधवार को यहां राजभवन में श्री कुमार को प्रदेश के मुख्यमंत्री पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। श्री कुमार के साथ ही राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ग्रहण किया।इसके साथ ही श्री कुमार बिहार में आठवीं बार मुख्यमंत्री और श्री यादव दूसरी बार उप मुख्यमंत्री बनाए गए हैं।

महागठबंधन की नई सरकार में मंत्रिपरिषद का विस्तार जल्द की किया जाएगा।शपथ ग्रहण समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, तेजस्वी की पत्नी रिचल राजश्री यादव, विधायक तेजप्रताप यादव के साथ ही राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित थे। हालांकि तबीयत ठीक नहीं होने के कारण श्री लालू प्रसाद यादव समारोह में शामिल नहीं हो सके।

राजद पर कब्जा करना चाहता है जदयू : जायसवाल

बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आज खुलासा किया कि जनता दल यूनाइटेड (जदयू) एक सोची-समझी रणनीति के तहत पार्टी में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का विलय करने के लिए के साथ मिलकर सरकार बना रही है।भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद संजय जयसवाल ने बुधवार को यहां कहा कि जदयू के वरिष्ठ नेता नीतीश कुमार ने अचानक से अपने धुर विरोधी राजद के साथ जाने का निर्णय क्यों किया। यह एक बड़ा सवाल है जिसका जवाब हर कोई जानना और समझना चाहता है। उन्होंने दावा किया कि श्री कुमार एक सोची समझी चाल के तहत राजद के साथ सरकार बनाने को राजी हुए हैं क्योंकि श्री कुमार चाहते हैं कि वह राजद को निगल जाएं यानी राजद का विलय जदयू में कर लें या राजद पर कब्जा कर लें।

श्री जायसवाल ने कहा कि श्री कुमार और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ही राजद नेता तेजस्वी प्रसाद यादव के मॉल घोटाले का दस्तावेज दिखाते थे। इसे लेकर उन पर कार्रवाई करने की बात कहते थे लेकिन आज श्री कुमार और श्री सिंह उसी श्री यादव के साथ चले गए। इससे यह स्पष्ट होता है कि श्री कुमार ने बिहार की जनता के साथ विश्वासघात किया है लेकिन इसका एक और बड़ा कारण है कि श्री कुमार चाहते हैं कि वह राजद को ही समाप्त कर दें।सांसद ने कहा कि कई घोटालों में घिरे राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के परिवार के लोगों का जेल जाना तय है। हाल ही में रेलवे भर्ती घोटाले के मामले में राजद अध्यक्ष के खास पूर्व विधायक भोला यादव की गिरफ्तारी हुई है। अब इस मामले में राजद अध्यक्ष परिवार के अन्य सदस्य जैसे तेजस्वी प्रसाद यादव और शेष लोगों की गिरफ्तारी होगी।

उन्होंने कहा कि श्री नीतीश कुमार उसी घड़ी के इंजतार में हैं। जैसे ही लालू परिवार के सदस्य जेल जाएंगे श्री कुमार की कोशिश है कि वह राजद का विलय जदयू में कर कबजा कर ले।श्री जायसवाल ने राजद नेता श्री तेजस्वी प्रसाद यादव पर निशाना साधते कहा कि उन्हें (श्री यादव) भी पता है कि उनका घोटालों के मामले में जेल जाना तय है इसलिए उन्हें लगता है कि यदि वह राज्य के उप मुख्यमंत्री बन जाएंगे तो वह जेल नहीं जाएंगे। इसी कारण उन्होंने श्री कुमार को मुख्यमंत्री पद का ऑफर देकर उनके साथ सरकार बनाने की हामी भरी है। श्री यादव अभी तक खुद को मुख्यमंत्री का चेहरा बता रहे थे लेकिन अब उन्होंने मुख्यमंत्री का पद श्री कुमार को दिया है तो यह उनका स्वार्थ है। उन्होंने खुद को जेल जाने से बचाने के लिए उप मुख्यमंत्री बनना स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि एक प्रकार से श्री कुमार और श्री यादव ने एक साथ आकर एक दूसरे को साधने की जुगत की है।(वार्ता)

VARANASI TRAVEL
SHREYAN FIRE TRAINING INSTITUTE VARANASI

Related Articles

Back to top button
%d bloggers like this: