Site icon CMGTIMES

मुर्मू, धनखड़, मोदी ने वाजपेयी को श्रद्धाजंलि अर्पित की

नयी दिल्ली : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटलबिहारी वाजपेयी की 98वीं जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री एवं लोकसभा अध्यक्ष समेत अनेक नेताओं ने राजघाट के समीप श्री वाजपेयी के समाधिस्थल सदैव अटल पर जाकर श्रद्धासुमन अर्पित किये।उपराष्ट्रपति श्री धनखड़ ने ट्वीटर पर कहा कि श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी सबसे सम्मानित नेताओं और राजनेताओं में से एक थे, जिन्हें लोकतंत्र, समावेशिता और प्रगति के प्रति उनकी मजबूत प्रतिबद्धता के लिए जाना जाता है। उन्हें हमेशा एक दूरदर्शी प्रधानमंत्री के रूप में याद किया जाएगा जिन्होंने 21वीं सदी के लिए हमारे देश के विकास की दिशा तय की।

श्री मोदी ने अपने ट्वीट में कहा कि अटल जी की जयंती पर उन्हें शत शत नमन। भारत के लिए उनका योगदान अमिट है। उनका नेतृत्व और दूरदृष्टि लाखों लोगों को प्रेरित करती है।प्रधानमंत्री ने आज पंडित मदनमोहन मालवीय की जयंती पर उन्हें भी श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने ट्वीट करके कहा, “मां भारती की महान संतान महामना पंडित मदन मोहन मालवीय जी को उनकी जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि। देश के शिक्षा जगत की समृद्धि के लिए उन्होंने अपना जीवन समर्पित कर दिया, जिसके लिए वे सदैव स्मरणीय रहेंगे।”लोकसभा अध्यक्ष ने अपने ट्वीट में श्री वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा, “पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती पर शत–शत नमन। राजनीति में नैतिकता के सर्वोच्च मानदंड स्थापित करने वाले अटल जी ने अपना संपूर्ण जीवन देश को नए क्षितिज पर ले जाने को समर्पित किया। सुशासन के उनके सिद्धांत पूरी दुनियां के लिए प्रेरणा हैं।”

PM Modi pays tributes to former PM Atal Bihari Vajpayee at Sadaiv Atal

श्री बिरला ने भी पंडित मदनमोहन मालवीय को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा, “महान स्वतंत्रता सेनानी, राजनीतिज्ञ और शिक्षाविद महामना पं. मदन मोहन मालवीय जी की जयंती पर भावपूर्ण स्मरण। अपनी सशक्त लेखनी से उन्होंने सामाजिक विषमताओं को दूर कर राष्ट्रवादी भावना को मजबूत करने के महती प्रयास किए। उनके आदर्श भारतीय जनमानस को देश और समाज सेवा की राह दिखाते रहेंगे।”(वार्ता)

Exit mobile version