Site icon CMGTIMES

ऑपरेशन सिंदूर आतंकियों के खिलाफ सबसे सफल अभियान, गोली का जवाब मिलेगा गोले से : मोदी

ऑपरेशन सिंदूर आतंकियों के खिलाफ सबसे सफल अभियान, गोली का जवाब मिलेगा गोले से : मोदी

PM addressing at the Mahila Sashaktikaran Mahasammelan Programme held on the occasion of 300th birth anniversary of Lokmata Devi Ahilya Bai Holkar at Bhopal, in Madhya Pradesh on May 31, 2025.

भोपाल : ऑपरेशन सिंदूर को आतंकवादियों के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा और सबसे सफल अभियान बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज एक बार फिर बिना किसी का नाम लिए पाकिस्तान को कड़े शब्दों में चुनौती देते हुए कहा कि अगर तुम गोली चलाओगे तो मान के चलो कि गोली का जवाब गोले से दिया जाएगा।श्री मोदी यहां देवी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जन्मजयंती के अवसर पर महिला सशक्तिकरण सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। समारोह में राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद विष्णुदत्त शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।इस दौरान श्री मोदी ने महिला सशक्तिकरण को राष्ट्रसुरक्षा से कई बार जोड़ा।

उन्होंने कहा कि भारत संस्कृति और संस्कारों का देश है। सिंदूर नारी शक्ति का प्रतीक है। रामभक्ति में लगे हनुमान भी सिंदूर को ही धारण किए है। हम शक्ति पूजा में सिंदूर को अर्पण करते हैं। ये ही अब भारत के शौर्य का प्रतीक बन गया है।इसी क्रम में उन्होंने कहा कि पहलगाम में आतंकियों ने भारतीयों का खून ही नहीं बहाया, संस्कृति पर भी प्रहार किया। हमारे समाज को बांटने की कोशिश की, सबसे बड़ी बात, आतंकवादियों ने नारीशक्ति को चुनौती दी, लेकिन यही चुनौती आतंकवादियों और उनके आकाओं के लिए काल बन गई है। ऑपरेशन सिंदूर आतंकवादियों के खिलाफ भारत के इतिहास का सबसे बड़ा और सबसे सफल ऑपरेशन है, जहां पाक सेना ने सोचा भी नहीं था, वहां तक आतंकी ठिकानों को हमारी सेना ने मिट्टी में मिला दिया। सैकड़ों किलोमीटर तक घुस कर उन्हें मिट्टी में मिलाया। ऑपरेशन सिंदूर ने डंके की चोट पर कहा है कि आतंकवादियों के जरिए प्रॉक्सी वॉर नहीं चलेगा। घर में घुस कर मारेंगे और आतंकियों के मददगारों को भी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।

LIVE:PM participates in Devi Ahilyabai Mahila Sashaktikaran Mahasammelan,launches projects in Bhopal

उन्होंने कहा कि भारत का एक-एक नागरिक और 140 करोड़ देशवासियों की बुलंद आवाज कह रही है कि अगर तुम गोली चलाओगे तो मान के चलो कि गोली का जवाब गोले से दिया जाएगा।श्री मोदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर हमारी नारीशक्ति के सामर्थ्य का भी प्रतीक बना है। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की इस पूरे अभियान में बड़ी भूमिका रही है। जम्मू से लेकर राजस्थान और गुजरात तक की सीमा पर बड़ी संख्या में बेटियों ने मोर्चा संभाला और सीमा पार गोलीबारी को मुंह तोड़ जवाब दिया। कमांड एंड कंट्रोल से लेकर दुश्मनों की चौकियां उड़ाने तक उन्होंने अद्भुत शौर्य दिखाया।श्री मोदी ने कहा कि राष्ट्र रक्षा में भारत की बेटियों का सामर्थ्य दिख रहा है। इसके लिए भी बीते दशक में सरकार ने अनेक कदम उठाए। स्कूल से लेकर युद्ध के मैदान तक, देश बेटियों के शौर्य पर अभूतपूर्व भरोसा कर रहा है। सेना ने पहली बार अब सैनिक स्कूलों के दरवाजे बेटियों के लिए खोले हैं। 2014 से पहले एनसीसी में सिर्फ 25 प्रतिशत कैडेट बेटियां होती थीं, जो आज 50 प्रतिशत हैं।

उन्होंने कहा कि कल के दिन देश में एक और इतिहास बना है। नेशनल डिफेंस एकैडमी (एनडीए) में महिला कैडेट का पहला बैच पास आउट हुआ है। अब सेना, नौसेना और वायुसेना में बेटियां अग्रिम मोर्चे पर तैनात हो रही हैं। फाइटर प्लेन से लेकर आईएनएस विक्रांत तक महिलाएं जाबांजी दिखा रही हैं।प्रधानमंत्री ने कहा कि इसका ताजा उदाहरण हमारे सामने नाविका सागर परियोजना के रूप में है। इसके तहत नौसेना की दो बेटियों ने करीब 250 दिनों की समुद्री यात्रा पूरी की और धरती का चक्कर लगाया। हजारों किमी की यात्रा ऐसी नाव से की, जो मोटर से नहीं, बल्कि हवा से चलती है। उन दो बेटियाें ने हर मुसीबत को हराया है। इसने बता दिया है कि चुनौती कितनी भी बड़ी हो, भारत की बेटियां उस पर विजय पा सकती हैं। नक्सलियों के खिलाफ अभियान हो या सीमापार आतंकवाद हो, हमारी बेटियां भारत की सुरक्षा की ढाल बन रही हैं।

महिला सशक्तिकरण की प्रतीक चार महिलाओं ने किया मोदी का स्वागत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल का प्रवास पूरी तरह महिला सशक्तिकरण के नाम रहा, जिस दौरान न केवल प्रधानमंत्री ने लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर को समर्पित डाक टिकट और सिक्का जारी किया, बल्कि प्रधानमंत्री श्री मोदी का स्वागत भी महिला सशक्तिकरण की प्रतीक चार महिलाओं ने किया।श्री मोदी यहां देवी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जन्म जयंती के अवसर पर आयोजित महिला सशक्तिकरण सम्मेलन को संबोधित करने आए थे। इस अवसर पर मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा भी मौजूद थे।समारोह में प्रधानमंत्री श्री मोदी का महिला सशक्तिकरण और स्वावलंबन की प्रतीक प्रदेश की चार महिलाओं ने स्वागत किया।

इस क्रम में जबलपुर में कैंसर रोगियों की देखरेख को समर्पित सुश्री ज्ञानेश्वरी देवी, पहली भारतीय कैनोइस्ट और अर्जुन पुरस्कार प्राप्त सुश्री प्राची यादव, ग्राम स्तर पर स्वच्छता और विकास कार्यों को समर्पित ग्राम तिरला – जिला धार की सरपंच श्रीमती आरती पटेल और महेश्वरी साड़ी निर्माण में लगी नागेश्वरी स्वयं सहायता समूह महेश्वर की सुश्री मीनाक्षी ठाकले ने स्वागत अभिवादन किया।कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ की जनजातीय कलाकार डा. जयमती कश्यप को राष्ट्रीय देवी अहिल्या सम्मान से सम्मानित किया। इसके साथ ही उन्होंने लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर को समर्पित डाक टिकट और सिक्का जारी किया। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने दतिया और सतना एयरपोर्ट का लोकार्पण तथा इंदौर मेट्रो का उद्घाटन भी किया। इसके पूर्व उन्होंने देवी अहिल्या की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया।(वार्ता)

देश में कोराना के 3395 मामले, पिछले 24 घंटे में चार मरीजों की मौत

विधायक अब्बास अंसारी को भड़काऊ भाषण मामले में दो साल की सजा

Exit mobile version