State

भारत सहित दुनियाभर में मनाया गया मजदूर दिवस

नयी दिल्ली : भारत सहित दुनिया भर में सोमवार को मजदूरों के बीच अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस धूमधाम से मनाया गया।मजदूर दिवस श्रमिकों को उनकी स्थिति और उनकी समस्याओं के प्रति जागरूक करने के लिए प्रत्येक वर्ष एक मई को मनाया जाता है।केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आज मजदूर दिवस के अवसर पर भारत की प्रगति में अतुलनीय योगदान देने वाले देश के करोड़ों श्रमिकों के दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत के लिए नमन किया।

श्री शाह ने ट्वीट किया, “श्रमिक दिवस के अवसर पर भारत की प्रगति में अतुलनीय योगदान देने वाले देश के करोड़ों श्रमिकों के दृढ़ संकल्प व कड़ी मेहनत को नमन करता हूँ। मोदी सरकार उनकी समृद्धि के साथ सामाजिक व स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित कर उन्हें सशक्त बना रही है, जिससे देश की श्रमशक्ति और मजबूत हो रही है।”केन्द्रीय श्रम मंत्री भूपेन्द्र यादव ने ट्वीट किया, “ देश के सभी श्रमजीवियों को मजदूर दिवस के अवसर पर बधाई।देश की प्रगति में हमारे करोड़ो श्रमजीवियों का योगदान अहम् है। अपनी मेहनत और लगन से हमारे श्रमिकों ने भारत को नित नई ऊँचाइयों तक पहुंचाया है। आप राष्ट्रनिर्माण की यात्रा के मजबूत स्तंभ हैं।”

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज मजदूर दिवस के अवसर पर नये उत्तर प्रदेश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे श्रमिकों को मई दिवस की शुभकामनाएं दी हैं।श्री आदित्यनाथ ने ट्वीट किया, श्रमेव जयते! ‘नए उत्तर प्रदेश’ के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन कर रहे समस्त श्रमिक भाई-बहनों को ‘मई दिवस’ की हार्दिक शुभकामनाएं।”हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर कहा कि वह भारत और पूरे विश्व के श्रमिकों की उपलब्धियों और देश के विकास में उनके योगदान को सलाम करते हैं।श्री सुक्खू ने ट्वीट कर कहा कि कांग्रेस ने 2005 में महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) कानून पारित कर प्रत्येक श्रमिक को उसका अधिकार और सम्मान देने का काम किया। उन्होंने कहा कि मनरेगा आज भी देश के विकास में अहम भूमिका निभा रहा है। अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर वह भारत और पूरे विश्व के श्रमिकों की उपलब्धियों और देश के विकास में उनके योगदान को सलाम करते हैं। यह दिन श्रमिकों के सम्मान और उनके हक का भी प्रतीक है।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि देश-विदेश का दूरस्थ स्थान हो या फिर कोई गांव या शहर, हमारे वीर श्रमिक अपनी मेहनत, लगन और शक्ति से देश की अर्थव्यवस्था का पहिया चला रहे हैं।श्री सोरेन ने कहा कि कोरोना काल में श्रमिकों की विकट समस्याओं को देख पूरा देश स्तब्ध रह गया था। आज झारखण्ड सरकार द्वारा राज्य के श्रमिक भाई-बहन और परिवार को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।उन्होंने कहा “ राज्य के सभी मेहनतकश श्रमिक हमारी प्राथमिकता में हैं।विश्व श्रमिक दिवस के अवसर पर श्रम जीवन और श्रम शक्ति को अनेक-अनेक शुभकामनाएं और जोहार।”तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने सोमवार को मई दिवस और अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर सभी श्रमिकों को बधाई दी है, जो अपनी कड़ी मेहनत से समाज के विकास में परोक्ष योगदान देते हैं।

श्री केसीआर यहां जारी संदेश में स्पष्ट किया कि सरकार पूरे देश में श्रमिकों के जीवन में गुणात्मक परिवर्तन लाने के अपने प्रयासों को उसी भावना से जारी रखेगी, जिससे राज्य में श्रम कल्याण कार्यक्रम लागू किया गया हैं। उन्होंने कहा कि इस दुनिया में कड़ी मेहनत और मेहनती लोगों के त्याग से ही धन का सृजन हो रहा है, जो ब्रह्मांड के मजबूत निर्माण की नींव है।श्री राव ने बताया कि राज्य सरकार श्रमिकों और किसानों के जीवन स्तर में सुधार के उद्देश्य से कई कल्याणकारी योजनाओं को लागू कर रही है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में किसी श्रमिक की मृत्यु होने पर उनके परिजनों को छह लाख रुपये की राशि दी जाती है। उन्होंने बताया कि 2014 से 2023 तक राज्य सरकार ने 4001 प्रभावित परिवारों को कुल 223 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी।

पंजाब में मजदूर दिवस के अवसर पर आज सार्वजनिक संगठनों के संयुक्त मंच (जेपीएमओ) सहित श्रमिक, कर्मचारी और किसान संगठनों द्वारा क्रांतिकारी भावनाओं के साथ अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस (मई दिवस) उत्साहपूर्वक मनाया गया।इस अवसर पर नगर के विभिन्न विभागीय संस्थानों एवं गांवों में विशाल जनसभाएं हुईं, झण्डे लहराये गये तथा शिकागो के शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए श्रमिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष दोहराया गया।पंजाब निर्माण मजदूर यूनियन से संबद्ध सीटीयू पंजाब ने स्थानीय मॉल रोड स्थित लेबर चौक पर झंडा फहराने के बाद प्रभावी रैली के साथ मई दिवस मनाया।

रैली में जेपीएमओ के प्रांतीय नेता सती महिपाल, ग्रामीण श्रम सभा के जिला सचिव प्रकाश सिंह नंदगढ़, पंजाब सबऑर्डिनेट सर्विसेज फेडरेशन चंडीगढ़ के जिला अध्यक्ष माखन सिंह खंगवाल, जम्हूरी किसान सभा पंजाब के प्रांतीय नेता दर्शन सिंह फुलो उपस्थित थे।मध्यप्रदेश में मजदूर दिवस पर आज यहां वामपंथी दलों ने श्रमिक विरोधी नीतियों और पूंजीवाद के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की स्थानीय इकाई की ओर से आयोजित प्रदर्शन में एटक से संबद्ध संस्थाओं के कार्यकर्ताओं ने भी शिरकत की। इस अवसर पर भाकपा नेता शैलेंद्र शैली और अन्य नेताओं ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की नीतियां श्रमिक विरोधी और पूंजीवाद का समर्थन करने वाली हैं।

श्री शैली ने श्रमिकों की एकता बरकरार रखने की जरूरत बताते हुए कहा कि हम सबको मिलकर देश में नफरत की राजनीति का भी विरोध करना है। सभा में मौजूद लोगों ने पुराने शहर के जुमेराती से होकर हनुमानगंज, मंगलवारा, पीरगेट, सैफिया कॉलेज रोड आदि में जुलूस निकालकर प्रदर्शन भी किया।इस दिन को मनाने की शुरुआत अमेरिका में एक मई 1886 में हुई थी जब श्रमिकों ने अपने कार्यकारी अवधि कम करने को लेकर आंदोलन किया था। देश में सबसे पहले एक मई 1923 में वामपंथियों ने मद्रास में मजदूर दिवस मनाया था इसके बाद से देश के कई मजदूर संगठनों ने मिलकर एक मई को मजदूर दिवस के रूप में मनाया शुरू किया।(वार्ता)

VARANASI TRAVEL
SHREYAN FIRE TRAINING INSTITUTE VARANASI

Related Articles

Back to top button
%d bloggers like this: