Varanasi

आजादी का अमृत महोत्सव, तिरंगामय हुई काशी, शहर और देहात में निकल रही तिरंगा यात्रा

वाराणसी । स्वतंत्रता के 75वें वर्षगांठ पर मनाये जा रहे अमृत महोत्सव में पूरी काशी तिरंगामय हो गई है। शुक्रवार को विभिन्न संस्थाओं के अलावा पुलिस अफसरों ने भी जवानों के साथ विभिन्न थाना क्षेत्र में तिरंगा यात्रा निकाली। एसीपी सारनाथ के नेतृत्व में थाना लालपुर पांडेयपुर की तिरंगा यात्रा थाने से प्रारम्भ होकर नई बस्ती, काली मन्दिर, पांडेयपुर, लालपुर रोड होते हुए वापस थाने पहुंची। इस दौरान पुलिस कर्मी भारत माता की जय, वन्दे मातरम् का उद्घोष भी करते रहे।

इसी क्रम में ग्रामीण अंचल में चौबेपुर खेल मैदान से गाजे बाजे के साथ पुलिस कर्मियों ने तिरंगा पदयात्रा निकाली। जो चौबेपुर बलुआघाट मार्ग होते हुए वाराणसी गाजीपुर मार्ग से चौबेपुर थाने पहुंच कर समाप्त हुई। यात्रा का समापन एडीजी जोन रामकुमार ने किया। यात्रा में आईजी रेंज के सत्यनारायण, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी पिंडरा अभिषेक पाण्डेय, थानाध्यक्ष अनिल कुमार मिश्रा आदि शामिल रहे।

इसी तरह वाराणसी कोतवाली से डीसीपी काशी जोन व एसीपी कोतवाली के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकली। इसी क्रम में डीसीपी वरूणा जोन आरती सिंह ने भी अफसरों और जवानों के साथ तिरंगा यात्रा निकाली। आज़ादी के अमृत महोत्सव में 11 एनडीआरएफ कमांडेंट मनोज कुमार शर्मा के निर्देशन में हर घर तिरंगा यात्रा में जवानों ने दशाश्वमेध घाट में तिरंगा वितरण कर लोगों को जागरूक किया।अभियान के दौरान एनडीआरएफ जवान, नगर निगम और स्थानीय प्रशासन के कार्मिकों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर दशाश्वमेध घाट से जंगमबाड़ी, बंगाली टोला क्षेत्र में जागरुकता अभियान चलाया। आजादी का अमृत महोत्सव में नगर निगम प्रशासन ने नगर के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और उनके परिवारजनों तथा विशिष्ट नागरिको को सम्मानित किया।

नगर आयुक्त प्रणय सिंह के साथ अफसरों की टीम ने गीता नगर कालोनी में रहने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व0 वंशराज सिंह यादव की पत्नी विमला देवी को खादी का तिरंगा, अंगवस्त्रम् और रक्षा सूत्र देकर सम्मानित किया । इसी क्रम में जोनल अधिकारी वरूणापार अमित शुक्ला ने राजश्री नगर कालोनी में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की पत्नी सुशीला सिंह को सम्मानित किया । स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों में राजेश्वरी देवी, सावित्री देवी, वेद कुमारी मित्तल को भी सम्मानित किया गया। इसी क्रम में भारतीय बास्केटबाल टीम के कप्तान प्रशांति सिंह,पद्मश्री डा0 रजनीकान्त, पद्मश्री प्रो. डा0 कमलाकर त्रिपाठी, पं. शिवनाथ मिश्र सितार वादक को सम्मानित किया गया।(हि.स.)

VARANASI TRAVEL
SHREYAN FIRE TRAINING INSTITUTE VARANASI

Related Articles

Back to top button
%d bloggers like this: