National

भारत एक मजबूत समुद्री राष्ट्र, समुद्र ही हमारा भाग्य ,गौरव और पहचान: मुर्मु

नयी दिल्ली : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि भौगोलिक स्थिति ने भारत को महान समुद्री राष्ट्र बनने के लिए ज़रुरी सभी तत्व प्रदान किए हैं और वह आश्वस्त हैं कि भारतीय नौसेना विकसित राष्ट्र के निर्माण के लिए ज़रुरी इन तत्वों की सुरक्षा करती रहेगी।श्रीमती मुर्मु ने बुधवार को ओडिशा के पुरी तट पर आयोजित नौसेना दिवस समारोह में भाग लिया और वह नौसैनिकों के साहस, ताकत तथा कौशल का प्रदर्शन करने वाले विभिन्न अभियानों की गवाह बनी।राष्ट्रपति ने नौसेना दिवस के अवसर पर नौसेनाकर्मियों को शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा, “ आज 04 दिसंबर को, हम 1971 के युद्ध में अपनी शानदार जीत का जश्न मनाते हैं और मातृभूमि की रक्षा में नौसेना कर्मियों द्वारा की गई निस्वार्थ सेवा और सर्वोच्च बलिदान को याद करते हैं। देश भारतीय नौसेना के सभी कर्मियों का आभारी है और प्रत्येक भारतीय सम्मान और साहस के साथ राष्ट्र की सेवा करने के लिए उन्हें सलाम करता है।”श्रीमती मुर्मु ने कहा कि भारत की भौगोलिक स्थिति ने उसे महान समुद्री राष्ट्र बनने के लिए ज़रुरी सभी तत्व प्रदान किए हैं। लंबी तटरेखा, द्वीप क्षेत्र, समुद्री यात्रा करने वाली आबादी और विकसित समुद्री बुनियादी ढांचे ने 5,000 साल से भी अधिक पहले से तट और महासागरों के पार भारत की समुद्री गतिविधियों को बढ़ावा दिया है।

उन्होंने कहा कि गौरवशाली समुद्री विरासत और पीछे मुड़कर देखने लायक इतिहास तथा उम्मीदों से भरे भविष्य के साथ, भारत हमेशा से एक मजबूत समुद्री राष्ट्र रहा है – हमारा भाग्य ,गौरव और पहचान समुद्रों द्वारा ही परिभाषित होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि भारतीय नौसेना 2047 तक एक विकसित भारत के निर्माण के लिए ज़रुरी, समुद्री सुरक्षा को सुनिश्चित करना जारी रखेगी।राष्ट्रपति ने ‘नारी शक्ति’ को उचित विकास के अवसर प्रदान करने में नौसेना के अग्रणी प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि नौसेना, महिला अग्निवीरों को शामिल करने वाली पहली सेवा थी।

उन्होंने कहा कि ‘नाविका सागर परिक्रमा दो’ के हिस्से के रूप में आईएनएसवी तारिणी में विश्व की परिक्रमा करने वाली दो महिला नौसेना अधिकारी, लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना के और लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा, इस नए बदलाव का सबसे अच्छा उदाहरण हैं। (वार्ता)

मुख्यमंत्री का निर्देश, बचना नहीं चाहिए संभल का एक भी उपद्रवी

Website Design Services Website Design Services - Infotech Evolution
SHREYAN FIRE TRAINING INSTITUTE VARANASI

Related Articles

Graphic Design & Advertisement Design
Back to top button