Politics

शिवसेना संसदीय दल में भी फूट के संकेत

पार्टी सांसद ने मुर्मू के समर्थन के लिए उद्धव को लिखा पत्र

मुंबई । मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की बगावत के बाद अब शिवसेना संसदीय दल में फूट पड़ने की संभावना जताई जा रही है। शिवसेना सांसद राहुल शेवाले ने शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे को पत्र लिखकर भाजपा की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करने की मांग की है। हालांकि अभी तक इस संबंध में उद्धव ठाकरे ने अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया है। शिवसेना सांसद के इस प्रस्ताव ने उद्धव ठाकरे की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

दरअसल, अगले कुछ दिन में राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव होने को है। भाजपा ने द्रौपदी मुर्मू और विपक्ष ने यशवंत सिन्हा को मैदान में उतारा है। देश में भाजपा के पास बहुमत है। इसके बाद भी उद्धव ठाकरे पर शिवसेना के सांसद मुर्मू का समर्थन करने का दबाव बना रहे हैं। जबकि अभी तक शिवसेना ने राज्य में महाविकास आघाड़ी का साथ नहीं छोड़ा है। इसलिए शिवसेना संसदीय समूह के सभी 18 सांसद पशोपेश में हैं।

राहुल शेवाले ने उद्धव ठाकरे को पत्र लिखकर कहा कि जब भाजपा शिवसेना गठबंधन में थी, तब बालासाहेब ठाकरे ने भी एनडीए उम्मीदवार का समर्थन नहीं किया था, बल्कि महाराष्ट्र के उम्मीदवार प्रतिभा पाटिल का समर्थन किया था। आदिवासी समुदाय का नेतृत्व करने वाली भाजपा उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू झारखंड की राज्यपाल भी रह चुकी हैं। समग्र रूप से उनकी पृष्ठभूमि को देखते हुए हम मांग करते हैं कि हम उनका समर्थन करें।

इस संबंध में उद्धव ठाकरे के निर्णय के बाद शिवसेना सांसद अपनी भूमिका साफ करने वाले हैं। बताया जा रहा है शिवसेना के चार से अधिक सांसद एकनाथ शिंदे के साथ हैं। इनमें मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे श्रीकांत शिंदे भी शामिल हैं। इसलिए संभावना जताई जा रही है कि राष्ट्रपति चुनाव में शिवसेना में भी बगावत हो सकती है।(हि.स.)

VARANASI TRAVEL
SHREYAN FIRE TRAINING INSTITUTE VARANASI

Related Articles

Back to top button
%d bloggers like this: