जौनपुर। राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. मसूद अहमद ने कहा है कि झूठे वादे पर आयी भाजपा की प्रदेश व केन्द्र सरकार ने अपना कोई वादा पूरा नहीं किया। अब प्रदेश की जनता सपा सरकार को याद कर रही है। बुधवार को एक होटल में पत्रकारों से बात करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री योगी प्रदेश सरकार चलाने में अक्षम और असफल साबित हुए हैं। जनता इस समय त्राहि-त्राहि कर रही है। सरकार बनने के बाद प्रदेश को गड्ढामुक्त तथा अपराध मुक्त करने का वादा किया गया था दोनों वादे खोखले साबित हुए। सड़क कागजों पर बनायी गयी और अपराधियों का ताण्डव आये दिन मीडिया की सुर्खियों में बना हुआ है है।
लोकदल नेता का आरोप है कि प्रदेश सरकार अपराधियों को पनाह दे रही है। भ्रष्टाचार चरम पर हैै। सरकारी कार्यालयों में बिना रुपये के कोई काम नहीं हो रहा है। रेट अब पांच गुना हो गया है। सरकार अपराधियों को बचाने में लगी है। जंगल राज हो गया है। कितनी बच्चियों ने अपराधियों के भय से स्कूल छोड़ दिया है। कोविड- 19 के दौरान किट, मास्क, सेनेटाइजर आदि के नाम पर लूट खसोट किया गया। सपा सरकार का नाम बदलकर पुराने काम का फीता काट कर वाहवाही लूटी जा रही है। मल्हनी की जनता सपा के पक्ष में मतदान करने का मन बना चुकी है। किसान केन्द्र सरकार द्वारा बनाये गये कानून का विरोध कर रहे हैं। सरकार जबरन उन पर कानून थोप कर उन्हे कंगाल बनाने पर अमादा है। इस अवसर पर रालोद के जिलाध्यक्ष डा. सत्येन्द्र सिंह, समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष लाल बहादुर यादव , राम आसरे विश्वकर्मा आदि प्रमुख नेता मौजूद रहे।