Site icon CMGTIMES

यूक्रेन में फंसे 219 छात्रों का पहला दल पहुंचा मुंबई

मुंबई । यूक्रेन में फंसे 219 भारतीय छात्रों का पहला दल शनिवार की शाम मुंबई पहुंचा। छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और महापौर किशोरी पेडणेकर ने गुलाब देकर उनका स्वागत किया। वहीं स्वदेश लौटे छात्रों ने खुशी जताते हुए कहा कि उन्हें भारत सरकार पर पूरा भरोसा था। जानकारी के अनुसार भारत सरकार के प्रयास के बाद आज दोपहर में रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट से इन सभी छात्रों को लेकर एयर इंडिया का विमान मुंबई के लिए रवाना हुआ था। यह सभी यूक्रेन से बुखारेस्ट पहुंचे थे।

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने बताया कि यह पहला जत्था था और जल्द ही दूसरा जत्था दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचेगा। स्लोवाकिया में स्थित भारतीय दूतावास द्वारा उजहोरोड-वैरने नेमेके सीमा के माध्यम से यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों को निकालने का प्रयास जारी है। हंगरी के रास्ते भी यूक्रेन से भारतीयों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि मुंबई नगर निगम ने यूक्रेन से आने वाले छात्रों के स्वागत की जोरदार तैयारी की थी। एयरपोर्ट पर उतरने के बाद सभी छात्रों का आरटीपीसीआर टेस्ट किया गया। इसके बाद पीयूष गोयल और किशोरी पेडणेकर ने सभी छात्रों से मुलाकात कर उनकी आवभगत की।(हि.स.)

Exit mobile version