NationalPolitics

क्या राहुल चाहते हैं कि भारत चीन के समक्ष आत्मसमर्पण कर दे ? – भाजपा

नयी दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की चीन भारत के सीमा विवाद की तुलना रूस यूक्रेन के विवाद से करने पर आज गहरा रोष जताते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी श्री गांधी के बयान के माध्यम से संदेश दे रही है कि भारत को चीन के समक्ष आत्मसमर्पण कर देना चाहिए।भाजपा के प्रवक्ता एवं सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने यहां पार्टी के केन्द्रीय कार्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में श्री गांधी के दक्षिण के सिने अभिनेता कमल हासन को दिये साक्षात्कार को लेकर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस के चिर युवा और चिर व्याकुल नेता सदैव क्रोधित एवं सदैव भ्रमित रहते हैं।

उन्होंने एक अपने जैसे भ्रमित अभिनेता को साक्षात्कार दिया है जिसे वृहदीश्वर मंदिर बनवाने वाले गंगई राजराजा चोल हिन्दू नज़र नहीं आते हैं।डॉ. त्रिवेदी ने कहा, “राहुल गांधी अपनी भारत जोड़ा यात्रा के दौरान भ्रमण करते करते और भारी भ्रम के शिकार हो गए हैं। वो लगातार भ्रम में पड़ रहे हैं। उन्हें वास्तविक ज्ञान की जरूरत है। लेकिन उन्होंने भारत का भ्रम दूर कर दिया है… चीन पर दिया गया उनका बयान ऐसा इंगित कर रहा है कि भारत चीन के आगे नतमस्तक हो जाए।उन्होंने कहा कि श्री गांधी ने कहा है कि जिस प्रकार से यूक्रेन पश्चिमी देशाें के साथ सांठगांठ कर रहा था तो रूस ने उससे नाराज़ होकर उसका भूगोल बदल दिया है, उसी प्रकार से चीन भी भारत के अमेरिका आदि देशों के करीब जाने से नाराज़ हो कर भारत का भूगोल बदल रहा है।

उन्होंने श्री गांधी से सवाल किया कि तो क्या वह यह चाहते हैं कि भारत को चीन के सामने समर्पण कर देना चाहिए।भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि श्री गांधी ने भारतीय सेना की पिटाई होने की बात कह कर सेना का मनोबल गिराने का प्रयास किया और अब 135 करोड़ भारतीयों के मनोबल को गिरा रहे हैं। उन्होंने पूछा, “पहले सेना और अब भारतीयों के सम्मान को गिराने का काम राहुल क्यों कर रहे हैं।” उन्होंने यह भी पूछा कि श्री गांधी दुनिया के ऐसे 4-5 देशों का नाम बता दें जो आज चीन के साथ खड़े हैं जबकि भारत के साथ सारी दुनिया खड़ी है।

उन्होंने कहा, “राहुल जी, भारत में घूमने से नहीं… भारत को समझने से भारतीयता को समझा जा सकता है। यही एक मात्र देश है जो प्रागैतिहासिक काल से जीवंत है लेकिन इनकी चार पीढ़ी से ‘डिस्कवरी ऑफ इंडिया’ ही चल रही है।” उन्होंने कहा, “हम बहुत दुखी एवं आक्रोशित हैं कि श्री गांधी ने भारत को भारतीयता को गिराने का अक्षम्य अपराध किया है। वह मोदी विरोध के मोतियाबिंद यानी ‘मोदियाबिंद’ के शिकार हो गये हैं। भारत जोड़ने जा रहे हैं और भारत के खिलाफ ही विषवमन करने लगे हैं।”

डॉ. त्रिवेदी ने कहा, “कांग्रेस ने श्री राहुल गांधी के माध्यम से देश के सामने अपनी मंशा को साफ कर दिया है कि भारत को ठीक उसी प्रकार चीन के सामने समर्पण कर देना चाहिए जैसा उनकी सरकार के दौरान होता था।”(वार्ता)

VARANASI TRAVEL
SHREYAN FIRE TRAINING INSTITUTE VARANASI

Related Articles

Back to top button
%d bloggers like this: