NationalUP Live

महाकुंभ आए श्रद्धालुओं ने दिया राष्ट्रीय एकात्मकता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश : सीएम योगी

गोरखनाथ मंदिर में गोदुग्ध से भोलेनाथ का रुद्राभिषेक किया मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने.जिले के चार प्रमुख शिवालयों का भ्रमण, दर्शन, पूजन कर जलाभिषेक भी किया मुख्यमंत्री ने

गोरखपुर । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी प्रदेशवासियों, प्रयागराज महाकुंभ, बाबा विश्वनाथ धाम, अयोध्या में देश-दुनिया से आए श्रद्धालुओं और प्रदेश के सभी देवालयों-शिवालयों में उमड़े आस्थावानों को महाशिवरात्रि के पावन पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने प्रयागराज महाकुंभ का विशेष उल्लेख करते हुए कहा है कि यहां अब तक लगभग 66 करोड़ श्रद्धालुओं ने राष्ट्रीय एकात्मकता और राष्ट्रीयता के प्रति समर्पण का संदेश पूरी दुनिया को दिया है।

महाशिवरात्रि पर बुधवार को गोरखपुर के प्रमुख शिवालयों के भ्रमण, दर्शन-पूजन और जलाभिषेक के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुक्तेश्वरनाथ मंदिर पर मीडिया से बातचीत में कहा कि आज महाशिवरात्रि है अर्थात देवाधिदेव महादेव की उपासना का विशेष दिवस। देवाधिदेव महादेव कल्याण के देवता हैं। वह सबके प्रति कल्याण का भाव रखते हैं। उनकी कृपा दृष्टि से ही सभी व्यवस्था संचालित हो पाती है। महाशिवरात्रि पर प्रयागराज महाकुंभ में, बाबा विश्वनाथ के धाम काशी में और प्रदेश के अन्य सभी महत्वपूर्ण शिवालयों में श्रद्धालुजन भगवान भोलेनाथ के प्रति आस्था निवेदित कर रहे हैं। हर जगह भारी भीड़ है और श्रद्धालुजन अपार श्रद्धा भाव के साथ दर्शन-पूजन कर रहे हैं। यह आस्था भारत की एकात्मकता का प्रतीक है। मैं इस आस्था को नमन करता हूं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रयागराज महाकुंभ में अपार भीड़ है। 13 जनवरी से प्रारंभ हुआ महाकुंभ आज पूर्णाहुति को प्राप्त करेगा। लगभग 66 करोड़ श्रद्धाुलुजन मां गंगा, मां यमुना, मां सरस्वती की त्रिवेणी में पावन डुबकी लगाकर राष्ट्रीय एकात्मकता का नया संदेश दे रहे हैं। वसुधैव कुटुंबकम के भाव के साथ श्रद्धालु सभी को राष्ट्रीयता के प्रति समर्पित होने की नई प्रेरणा भी प्रदान कर रहे हैं। उधर काशी विश्वनाथ धाम में भी लाखों की संख्या में श्रद्धालु जुटे हैं। पिछले डेढ़ महीने से अधिक समय से लगातार वहां पर 8 से 10 लाख श्रद्धालु प्रतिदिन बाबा विश्वनाथ धाम में दर्शन कर रहे हैं और आज तो महाशिवरात्रि भी है।

अयोध्या धाम में भी यही स्थिति है। 8 से 10 लाख श्रद्धालु प्रतिदिन वहां श्रीरामजन्मभूमि पर प्रभु रामलला के दर्शन कर रहे हैं। अयोध्या में आज भी अपार भीड़ है। प्रदेश के सभी अन्य देवालयों जैसे गाजियाबाद में बाबा ददुग्धेश्वरनाथ धाम, बागपत में पुरा महादेवधाम, मेरठ के बाबा औघड़नाथ धाम, बाराबंकी के बाबा लोधेश्वरनाथ मंदिर, गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर, मानसरोवर मंदिर, मुक्तेश्वरनाथ मंदिर, नाथनगरी बरेली, गोंडा, बस्ती में बाबा भदेश्वरनाथ मंदिर, झारखंडी महादेव मंदिर, अयोध्या के नागेश्वरनाथ मंदिर, रुद्रपुर देवरिया के दुग्धेश्वरनाथ मंदिर, संतकबीरनगर के तामेश्वरनाथ मंदिर में भी श्रद्धालुओं की अपार भीड़ उमड़ी हुई है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि जिस लोक कल्याण के भाव की प्रेरणा देवाधिदेव महादेव से हम सबको प्राप्त होती है, उसी लोकेमंगल की कामना से हम लोग अपने समाज और राष्ट्र के लिए समर्पण भाव से कार्य कर पाएंगे।

महाशिवरात्रि पर शिवोपासना में लीन रहे सीएम, की लोक कल्याण की प्रार्थना

गोरखपुर । देवाधिदेव महादेव भगवान शिव की उपासना के विशेष पर्व महाशिवरात्रि पर मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ गोरक्षपीठ से लगायत जिले के चार प्रमुख शिवालयों में भोलेनाथ के दर्शन, पूजन, जलाभिषेक, रुद्राभिषेक आदि अनुष्ठान में लीन रहे। विधि विधान से पूजनोपरांत उन्होंने भगवान आदियोगी से लोकमंगल, राष्ट्र कल्याण और सभी नागरिकों के आरोग्यमय, सुखमय, समृद्धमय व शांतिमय जीवन की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री सुबह से लेकर दोपहर बाद तक अलग-अलग मंदिरों में उपासना व भ्रमण में रत रहे।

बुधवार सुबह महाशिवरात्रि पर सीएम योगी के आनुष्ठानिक कार्यक्रमों की शुरुआत गोरखनाथ मंदिर से हुई। मठ के प्रथम तल पर स्थित शक्ति मंदिर में उन्होंने भगवान भोले शंकर का गोदुग्ध से रुद्राभिषेक किया। मठ के पुरोहित एवं वेदपाठी ब्राह्मणों ने शुक्ल यजुर्वेद संहिता के रुद्राष्टाध्यायी के महामंत्रों द्वारा रुद्राभिषेक का अनुष्ठान पूर्ण कराया। रुद्राभिषेक के बाद मुख्यमंत्री ने हवन तथा आरती कर चराचर जगत के कल्याण हेतु महादेव से प्रार्थना की। अनुष्ठान का यह कार्य दो घंटे से अधिक समय तक चला।

इसके पूर्व मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित शिव मंदिर में भी पूजन किया। उन्होंने यहां भगवान नंदी का पूजन कर भगवान शंकर का जलाभिषेक किया। उल्लेखनीय है कि नाथपंथ की परंपरा में गुरु गोरखनाथ सबका कल्याण करने वाले भगवान शिव के अवतार माने जाते हैं। गोरखनाथ मंदिर के मूल में भी लोक कल्याण एवं लोक मंगल की ही भावना है। ऐसे में गोरक्षपीठाधीश्वर के लिए महाशिवरात्रि का पर्व बेहद महत्वपूर्ण होता है।

महानगर के तीन प्रमुख शिव मंदिरों में पहुंचे मुख्यमंत्री, जलाभिषेक कर की उपासना

गोरखनाथ मंदिर में महाशिवरात्रि का अनुष्ठान पूर्ण करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंधियारीबाग स्थित प्राचीन मानसरोवर शिव मंदिर, राजघाट स्थित मुक्तेश्वरनाथ मंदिर और झारखंडी स्थित झारखंडी महादेव मंदिर का भ्रमण किया। इन तीनों शिव मंदिरों में उन्होंने भगवान भोलेनाथ का दर्शन, पूजन व जलाभिषेक कर लोकमंगल की कामना की। भ्रमण के दौरान सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर जगह सुरक्षा, सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा का पूरा इंतजाम रखा जाए। उन्होंने इन तीनों शिवालयों पर आए श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार कर उनका कुशलक्षेम भी जाना।

महाशिवरात्रि पर्व पर शिवालयों के भ्रमण के क्रम में मुख्यमंत्री सबसे पहले अंधियारी बाग स्थित प्राचीन मानसरोवर मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महादेव का दर्शन पूजन किया। भोलेनाथ को भांग, धतूरा, बेलपत्र, पुष्प आदि अर्पित कर जलाभिषेक किया। पूजन कर बाहर निकलते वक्त उनकी नजर नन्हें-मुन्ने श्रद्धालुओं पर पड़ गई। मुख्यमंत्री तुरंत बच्चों के पास पहुंचे। उनसे आत्मीयता से बातचीत को और दुलारकर आशीर्वाद दिया।

मानसरोवर के बाद सीएम योगी मुक्तेश्वरनाथ मंदिर पहुंचे और दर्शन, पूजन के बाद महादेव का अभिषेक किया। यहां भी उन्होंने मंदिर आए बच्चों से मुलाकात और आत्मीय संवाद कर अपना आशीर्वाद दिया। मुख्यमंत्री ने यहां बच्चों को चॉकलेट गिफ्ट किया। मुक्तेश्वरनाथ मंदिर के बाद सीएम योगी महादेव झारखंडी मंदिर पहुंचे और भगवान शिवशंकर की विधि विधान से आराधना कर जलाभिषेक किया। इस दौरान उनके साथ सांसद रविकिशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कामेश्वर सिंह, कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास आदि भी मौजूद रहे।

भरोहिया में बाबा पितेश्वरनाथ का अभिषेक किया सीएम योगी ने

महाशिवरात्रि पर्व पर दोपहर बाद मुख्यमंत्री पीपीगंज के भरोहिया स्थित बाबा पितेश्वरनाथ शिव मंदिर भी पहुंचे। यहां उन्होंने विधि विधान से बाबा पितेश्वरनाथ का दर्शन, पूजन व दूध, जल आदि अर्पित कर अभिषेक किया। यहां भी सम्पूर्ण मानव जाति के कल्याण, उद्धार, समृद्धि एवं शांति की प्रार्थना की। उल्लेखनीय है कि पांडवकालीन मान्यता वाले पितेश्वरनाथ मंदिर का गोरक्षपीठ से गहरा नाता है। गोरक्षपीठाधीश्वर हर महाशिवरात्रि यहां जलाभिषेक करने आते हैं।

पौधरोपण कर मंदिर के सौंदर्यीकरण परियोजना की जानकारी ली सीएम ने

इस अवसर पर सीएम योगी ने पितेश्वरनाथ मंदिर परिसर में हरिशंकरी (पीपल, बरगद, पाकड़) का पौधरोपण किया और मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए पर्यटन विभाग द्वारा क्रियान्वित परियोजना के ड्राइंग मैप का अवलोकन कर जरूरी दिशानिर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने भरोहिया में शिव मंदिर के सामने स्थित गुरु गोरखनाथ विद्यापीठ के परिसर में स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम पूछा। भरोहिया में मुख्यमंत्री के आगमन पर विधायक फतेह बहादुर सिंह, भाजपा के जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, जंगल कौड़िया के ब्लॉक प्रमुख बृजेश यादव, भरोहिया के ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि संजय सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।

बदमाशों को सिखाएं कानूनी सबक: योगी

महाशिवरात्रि पर रुद्राभिषेक कर सीएम योगी ने की लोकमंगल की प्रार्थना

महाशिवरात्रि पर गोरखपुर से सीएम ने की मॉनीटरिंग, तड़के 4 बजे से ही कंट्रोल रूम में डटे

विदेशी श्रद्धालुओं ने साझा किए अनुभव, महाकुम्भ को बताया अद्भुत और अविस्मरणीय अनुभव

महाशिवरात्रि पर काशी में भव्य नजारा, मंगला आरती के बाद निकली अखाड़ों की शोभायात्रा

Website Design Services Website Design Services - Infotech Evolution
SHREYAN FIRE TRAINING INSTITUTE VARANASI

Related Articles

Graphic Design & Advertisement Design
Back to top button