नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत को शनिवार को ऐतिहासिक बताया और कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन में जन्मी आम आदमी पार्टी (आप) कांग्रेस के डीएनए में रची बसी अर्बन नक्सली सोच को आगे बढ़ा रही थी तथा विकास को अवरुद्ध करके दिल्ली वालों पर आपदा बन कर रह गयी थी।प्रधानमंत्री मोदी का दिल्ली विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत पर पार्टी के मुख्यालय में जबरदस्त स्वागत किया गया। पार्टी के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह ने श्री मोदी का स्वागत किया।
श्री मोदी ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज की ये विजय ऐतिहासिक है। दिल्ली के लोगों ने ‘आप-दा’ को बाहर कर दिया है। एक दशक की ‘आप-दा’ से दिल्ली मुक्त हुई है। दिल्ली का जनादेश स्पष्ट है – आज दिल्ली में विकास, विजन और विश्वास की जीत हुई है। आज आडंबर, अराजकता, अहंकार और दिल्ली पर छाई आप-दा की हार हुई है। उन्होंने कहा,“आज दिल्ली की जनता ने साफ कर दिया है कि दिल्ली की असली मालिक सिर्फ और सिर्फ दिल्ली की जनता है। जिनको दिल्ली का मालिक होने का घमंड था, उनका सच से सामना हो गया। दिल्ली के इस जनादेश से ये भी स्पष्ट है कि राजनीति में शॉर्टकट के लिए, झूठ और फरेब के लिए कोई जगह नहीं है।
”उन्होंने कहा कि तीन-तीन बार लोकसभा में शत-प्रतिशत विजय दिलाने के बाद भी देश भर के और दिल्ली के भाजपा कार्यकर्ताओं के मन में एक टीस थी। ये टीस दिल्ली की पूरी तरह से सेवा न कर पाने की थी। लोकसभा चुनाव में जीत के बाद हमने पहले हरियाणा में अभूतपूर्व रिकॉर्ड बनाया।फिर महाराष्ट्र में नया रिकॉर्ड बनाया। अब दिल्ली में नया इतिहास रच गया है। आज दिल्ली का ऐसा कोई क्षेत्र नहीं, ऐसा कोई वर्ग नहीं जहां कमल न खिला हो। हर भाषा बोलने वालों ने, हर राज्य के लोगों ने दिल्ली में भाजपा के कमल निशान पर वोट दिया है।श्री मोदी ने उत्तर प्रदेश में अयोध्या के मिल्कीपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव में भी भाजपा की शानदार जीत पर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि दिल्ली में हर वर्ग ने भारी संख्या में भाजपा के लिए मतदान किया है। आज देश तुष्टिकरण नहीं, बल्कि भाजपा के संतुष्टिकरण की नीति को चुन रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि दिल्ली में धरना-प्रदर्शन की राजनीति, टकराव और प्रशासनिक अनिश्चितता ने दिल्ली के लोगों का बहुत नुकसान किया है। आज दिल्ली के विकास के सामने से एक बड़ी रुकावट आप सब दिल्ली वासियों ने दूर कर दी है। पूरा देश जानता है कि जहां राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) है वहां सुशासन है, विकास है, विश्वास है। राजग का हर प्रतिनिधि, हर जन प्रतिनिधि लोगों के हित में काम करता है। देश में राजग को जहां भी जनादेश मिला है, हमने उस राज्य को विकास की नई ऊंचाई पर पहुंचाया है।श्री मोदी ने कहा कि पहली बार दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी प्रक्षेत्र (एनसीआर) के हर प्रदेश में भाजपा का शासन आया है। ये आजादी के बाद पहली बार हुआ है। राजस्थान, हरियाणा और उत्तर प्रदेश जैसे हर पड़ोसी राज्य में भाजपा की सरकारें हैं। ये बहुत ही सुखद संयोग है। इस एक संयोग से दिल्ली और पूरे एनसीआर में तरक्की के अनगिनत रास्ते खुलने जा रहे हैं। हमारी कोशिश होगी कि आने वाले समय में इस पूरे क्षेत्र में मोबिलिटी और इंफ्रास्ट्रक्चर पर ढेर सारा काम हों और इस क्षेत्र के नौजवानों को भी तरक्की के नए नए अवसर मिलें।उन्होंने कहा कि आज देश तेजी से शहरीकरण की ओर बढ़ रहा है। पिछली सरकारों ने शहरीकरण को बोझ और चुनौती माना।
उन्होंने शहरों को निजी धन कमाने का जरिया बना लिया। हालाँकि वह मानते हैं कि शहरीकरण एक अवसर है। यह गरीबों और हाशिये पर पड़े लोगों को सशक्त बनाने का एक माध्यम है। दिल्ली देश का प्रवेश द्वार है और इसलिए यहां सबसे अच्छा शहरी बुनियादी ढांचा होना चाहिए।उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता टूटी सड़कें, कूड़े के ढेर, ओवर फ्लो सीवर और प्रदूषित हवा से त्रस्त रही है। अब यहां बनने वाली भाजपा सरकार दिल्ली को विकास की ऊर्जा के साथ एक आधुनिक शहर बनाएगी।यमुना नदी को स्वच्छ बनाने के संकल्प को दोहराते हुए श्री मोदी ने कहा,“हम लोग हमारा सदा मंगल करने वाली यमुना देवी को नमस्कार करते हैं। लेकिन, उसी यमुना की इन लोगों ने कैसी दुर्दशा कर दी? दिल्ली का तो अस्तित्व ही मां यमुना की गोद में पनपा है। दिल्ली के लोग यमुना की इस पीड़ा को देखकर कितना आहत होते रहे हैं! लेकिन, दिल्ली की आप-दा ने इस आस्था का अपमान किया। दिल्ली की आप-दा ने लोगों की भावनाओं को, आस्था को पैरों तले कुचल दिया था। अपनी नाकामी के लिए हरियाणा के लोगों पर इतना बड़ा आरोप लगा दिया था।
”उन्होंने कहा,“मैंने चुनाव प्रचार के दौरान संकल्प लिया है कि हम यमुना जी को दिल्ली शहर की पहचान बनाएंगे। मैं जानता हूं कि ये काम कठिन है और लंबे समय का है। समय कितना भी क्यों न जाए, शक्ति कितनी भी क्यों न लगे। लेकिन अगर संकल्प मजबूत हैं, तो यमुना जी के आशीर्वाद रहने वाले हैं। हम मां यमुना की सेवा के लिए हर प्रयास करेंगे, पूरे सेवाभाव से काम करेंगे।”श्री मोदी ने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि आज जनता ने एक बार फिर कांग्रेस को कड़ा संदेश दिया है। दिल्ली के चुनाव में कांग्रेस ने जीरो की डबल हैट्रिक लगाई है। देश की राजधानी में, देश की सबसे पुरानी पार्टी का लगातार दिल्ली में छह बार से खाता नहीं खुल रहा है। ये लोग खुद को पराजय का गोल्ड मेडल देते हुए फिर रहे हैं। सच्चाई ये है कि कांग्रेस पर भरोसा करने के लिए देश बिल्कुल भी तैयार नहीं है।उन्होंने कहा,“पिछली बार मैंने कहा था कि कांग्रेस एक परजीवी पार्टी बन चुकी है। ये खुद तो डूबती है, अपने साथियों को भी डुबोती है। कांग्रेस, एक के बाद एक अपने सहयोगियों को खत्म कर रही है। उन्होंने उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल एवं जम्मू कश्मीर के उदाहरण भी दिये और कहा कि इंडी गठबंधन दिल्ली विधानसभा के चुनावों में कांग्रेस को रोकने में तो सफल रहा लेकिन आपदा को बचा नहीं सका।
प्रधानमंत्री ने कहा,“आज कांग्रेस देशहित की नहीं, अर्बन नक्सलियों की राजनीति कर रही है। कांग्रेस के नेता जब कहते हैं कि वो भारत से लड़ रहे हैं, इंडियन स्टेट से लड़ रहे हैं… ये नक्सलियों की भाषा है। ये समाज में, देश में अराजकता लाने की भाषा है।”उन्होंने कहा,“यहां दिल्ली में तो आप-दा भी उसी अर्बन नक्सली सोच को ही आगे बढ़ा रही थी। कांग्रेस की ये अर्बन नक्सली सोच राष्ट्र की उपलब्धियों पर हमला करती है। ये पूरी दुनिया में अपनी ही सोच का आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक निजाम लाना चाहती है। जब कांग्रेस में अर्बन नक्सलियों का डीएनए घुस गया है, तब ये कांग्रेस हर कदम पर बर्बाद हो रही है।”आम आदमी पार्टी पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा,“जिस पार्टी का जन्म ही भ्रष्टाचार के विरुद्ध हुए आंदोलन से हुआ हो, वही भ्रष्टाचार में लिप्त हो गई। ये देश की ऐसी पार्टी बनी जिसके मुख्यमंत्री, मंत्री भ्रष्टाचार के आरोप में जेल गए। जो खुद को ईमानदारी का सर्टिफिकेट देते थे और दूसरों को बेईमानी का मेडल देते थे, वो खुद भ्रष्टाचारी निकले। ये दिल्ली के भरोसे के साथ बहुत बड़ा धोखा था।
”प्रधानमंत्री ने कहा,“मैं आपको आश्वस्त करता हूं कि सीएजी रिपोर्ट विधानसभा के पहले सत्र में पेश की जाएगी. भ्रष्टाचार में शामिल लोगों को छोड़ा नहीं जाएगा और लूटा गया पैसा वापस दिलाया जाएगा। यह मोदी की गारंटी है!”श्री मोदी ने दिल्ली में नौजवानों को राजनीति में आने का निमंत्रण देते हुए कहा कि देश को सही मायने में सही राजनीतिक परिवर्तन की जरूरत है। नये विचार नयी संस्कृति तभी आएगी जब अच्छे लोग राजनीति में आयेंगे। उन्होंने कहा कि यदि अच्छे लोग राजनीति में नहीं आये तो ऐसे लोग राजनीति पर कब्ज़ा कर लेंगे जिन्हें राजनीति में नहीं आना चाहिए।उन्होंने कहा कि देश को धूर्तता और मूर्खता की राजनीति नहीं चाहिए। यदि अच्छे लोग आएंगे तो देश को धूर्तता एवं मूर्खता की राजनीति में नहीं फंसाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि हमारी जीत नयी जिम्मेदारी के साथ आयी है। भाजपा सुधारों एवं काम की गारंटी देती है। इसमें दिल्ली वालों का समर्थन मिला तो तेज गति से परिवर्तन होगा। दिल्ली को विकसित भारत की विकसित राजधानी बनाएंगे। (वार्ता)
दर्शनार्थियों से भरी स्कॉर्पियो में मैजिक ने मारी टक्कर, दो की मौत