अश्लील वीडियो को लेकर महिला को तीन तलाक देकर घर से निकाला
मेरठ । लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में पति ने पत्नी की अश्लील वीडियो बनाकर दोस्तों को भेजनी चाही। पत्नी ने इसका विरोध किया तो पति ने उसे तीन तलाक दे दिया और घर से निकाल दिया। आरोपित के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी की महिला का निकाह दो साल पहले क्षेत्र में ही एक युवक से हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद ही पति ने पत्नी की अश्लील वीडियो बनानी शुरू कर दी थी। इस कारण दोनों के बीच झगड़ा हो गया। विवाद के बाद महिला अपने मायके आ गई। विवाद को सुलझाने के लिए दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई।
पंचायत के बाद महिला अपनी ससुराल वापस लौट गई। इसके बाद पति ने अपनी पत्नी की अश्लील वीडियो को अपने दोस्तों को भेजना चाहा तो उसने विरोध कर दिया। इस बात पर दोनों के बीच जमकर झगड़ा हुआ। आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए। आरोपित पति ने महिला की पिटाई कर दी और तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया।
अपने मायके पहुंची महिला ने मंगलवार को लिसाड़ी गेट थाने में आरोपित के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। सीओ कोतवाली अरविंद चौरसिया का कहना है कि महिला की तहरीर पर आरोपित पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।(हि.स.)