Crime

मजार में लटका मिला युवक का शव, पास में पड़ी मिली खून से लथपथ महिला

हाथरस । कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के कस्बा में बरेली मथुरा रेलवे लाइन के किनारे स्थित मजार में गुरुवार को एक अज्ञात युवक का शव फंदे से लटका मिला। पास में खून से लथपथ महिला भी पड़ी हुई थी। उपचार के लिए जाते समय महिला ने भी रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। घटना से इलाके में सनसनी फ़ैल गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के कस्बा से गुजर रही बरेली मथुरा रेलवे लाइन के किनारे एक मजार बनी हुई है। जहां पर जमालुद्दीन और उसकी पत्नी हसीना बेगम रहते थे। दोनों मजार की देखभाल करते थे। गुरुवार को जब ग्रामीण वहां पहुंचे तो मजार के अंदर एक अज्ञात युवक का शव फंदे से लटका हुआ था। वहीं पास में खून से लथपथ हसीना बेगम पड़ी हुई थी। ग्रामीणों ने तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर हाथरस जंक्शन कोतवाली प्रभारी रितेश कुमार पुलिस फोर्स और फॉरेंसिक टीम व डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंच गए। महिला को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। रास्ते में महिला ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इस संबंध में सीओ सादाबाद ब्रह्म सिंह ने बताया कि थाना हाथरस जंक्शन पर सूचना मिली थी कि मजार में एक युवक का शव लटका हुआ है और एक महिला घायल अवस्था में पड़ी हुई है। सूचना पर कोतवाली हाथरस जंक्शन प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। महिला को उपचार के लिए भेजा गया। रास्ते में महिला ने दम तोड़ दिया। अज्ञात युवक की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। साक्ष्य संकलित कर मामले की जांच की जा रही है।(हि.स.)

VARANASI TRAVEL
SHREYAN FIRE TRAINING INSTITUTE VARANASI

Related Articles

Back to top button
%d bloggers like this: