National

देश में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या 10 लाख के पार

वेंटिलेटर पर 1% से कम मरीज,आईसीयू में 2% से कम मरीज और ऑक्सीजन बेड पर 3% से कम मरीज हैं

नयी दिल्ली । भारत में कोविड-19 के एक दिन में रिकॉर्ड 34,956 मामले आने के साथ शुक्रवार को संक्रमण के मामलों की संख्या 10 लाख को पार कर गई। महज तीन दिन पहले ही संक्रमितों की संख्या नौ लाख के पार हुई थी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा शुक्रवार को सुबह आठ बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार देश में कोरोना वायरस के मामले बढ़कर 10,03,832 हो गए जबकि एक दिन में 687 लोगों की मौत के साथ मृतकों का आंकड़ा 25,602 हो गया है। पिछले 24 घंटों में कुल 22,942 लोग स्वस्थ हुए हैं जो एक दिन में स्वस्थ लोगों की सर्वाधिक संख्या है। इसके साथ ही भारत में 6,35,756 लोग इस संक्रामक रोग से स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 3,42,473 मरीजों का अब भी कोविड-19 का इलाज चल रहा है। एक अधिकारी ने बताया, ‘‘अभी तक करीब 63.33 प्रतिशत मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।’’

देश में कोविड-19 के मामलों को एक लाख तक पहुंचने में 110 दिन का वक्त लगा था और अब महज 59 दिनों में ही संक्रमण के मामले नौ लाख के पार चले गए। यह लगातार छठा दिन है जब कोरोना वायरस के 28,000 से अधिक मामले आए हैं। आईसीएमआर के अनुसार 16 जुलाई तक कुल 1,30,72,718 लोगों की कोरोना वायरस के लिए जांच की गई जिनमें से 3,33,228 नमूनों की जांच बृहस्पतिवार को की गई। भारत प्रति 10 लाख लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण के 658 मामलों के साथ 106वें नंबर पर है। भारत में हर दस लाख लोगों पर मामलों की संख्या यूरोपीय देशों से चार से आठ गुना कम है। मंत्रालय ने एक ट्वीट किया कि यूरोपीय रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र के अनुसार 15 जुलाई तक रूस और अमेरिका में प्रति 10 लाख कोविड-19 के मामले भारत के मुकाबले क्रमश: आठ और 16 गुना अधिक हैं।

पिछले 24 घंटों में जिन 687 लोगों की मौत हुई है उनमें से 266 की महाराष्ट्र, 104 की कर्नाटक, 69 की तमिलनाडु, 58 की दिल्ली, 40 की आंध्र प्रदेश, 34 की उत्तर प्रदेश, 23 की पश्चिम बंगाल, 17 की बिहार, 16 की जम्मू कश्मीर, 10-10 की तेलंगाना और गुजरात तथा नौ की मौत पंजाब में हुई है। राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण से आठ, मध्य प्रदेश में सात, झारखंड में चार, हरियाणा में तीन, असम, केरल और ओडिशा में दो-दो जबकि छत्तीसगढ़, गोवा और पुडुचेरी में एक-एक शख्स ने जान गंवाई।

इस वैश्विक महामारी से अब तक कुल 25,602 लोगों की मौत हुई है जिनमें से सबसे अधिक 11,194 लोगों की मौत महाराष्ट्र में हुई। इसके बाद दिल्ली में 3,545, तमिलनाडु में 2,236, गुजरात में 2,089, उत्तर प्रदेश में 1,046, कर्नाटक में 1,032, पश्चिम बंगाल में 1,023, मध्य प्रदेश में 689 और राजस्थान में 538 लोगों की मौत हुई। आंध्र प्रदेश में कोविड-19 से अभी तक 492, तेलंगाना में 396, हरियाणा में 322, पंजाब में 230, जम्मू कश्मीर में 222, बिहार में 197, ओडिशा में 79, उत्तराखंड में 50, असम में 48, झारखंड में 42 और केरल में 37 लोगों ने जान गंवाई।

पुडुचेरी में इस संक्रमण से 22, छत्तीसगढ़ में 21, गोवा में 19, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ में 11-11, अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा में तीन-तीन, मेघालय और दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव में दो-दो जबकि लद्दाख में एक मरीज की मौत हुई। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि 70 प्रतिशत से अधिक मौत किसी न किसी अन्य बीमारी की वजह से हुई। महाराष्ट्र में संक्रमण के सबसे अधिक 2,84,281 मामले सामने आए। इसके बाद तमिलनाडु में 1,56,369, दिल्ली में 1,18,645, कर्नाटक में 51,422, गुजरात में 45,481, उत्तर प्रदेश में 43,441 और तेलंगाना में 41,018 लोग संक्रमित पाए गए।

आंध्र प्रदेश में कोविड-19 के मामले बढ़कर 38,044, पश्चिम बंगाल में 36,117, राजस्थान में 27,174, हरियाणा में 24,002, बिहार में 21,764 और मध्य प्रदेश में 20,378 हो गया। असम में संक्रमण के 19,754 मामले सामने आए। इसके बाद ओडिशा में 15,392, जम्मू कश्मीर में 12,156, केरल में 10,275 जबकि पंजाब में 9,094 मामले सामने आए। छत्तीसगढ़ में 4,932, झारखंड में 4,624, उत्तराखंड में 3,982, गोवा में 3,108, त्रिपुरा में 2,283, मणिपुर में 1,764, पुडुचेरी में 1,743, हिमाचल प्रदेश में 1,377 और लद्दाख में 1,147 लोग संक्रमित पाए गए।

नगालैंड में 916, चंडीगढ़ में 651 और दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव में 543 लोग कोरोना वायरस की चपेट में आए। अरुणाचल प्रदेश में संक्रमण के 543, मेघालय में 377, मिजोरम में 272, सिक्किम में 243 जबकि अंडमान और निकोबार द्वीप में 180 मामले सामने आए। मंत्रालय ने कहा, ‘‘हमारे आंकड़ों का आईसीएमआर के आंकड़ों से मिलान किया जा रहा है।’’ उसने बताया कि 531 मामले राज्यों को सौंपे जा रहे हैं।

देश में कोविड-19 रोगियों की वास्तविक संख्या केवल 3.42 लाख है

देश भर में कोविड-19 के मरीजों की वास्तविक संख्या आज की तारीख में केवल 3,42,756 है। इस बीमारी से संक्रमित कुल लोगों में से अब तक 6.35 लाख (63.33%) से अधिक लोग उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। 1.35अरब लोगों के साथ दुनिया की दूसरा सबसे अधिक आबादी वाले देशभारत में प्रति दस लाख की आबादी पर कोविड संक्रमण के 727.4 मामले हैं। वैश्विक स्तर परभारत में प्रति दस लाख की जनसंख्या पर कोविड संक्रमण के मामले कुछ यूरोपीय देशों की तुलना में चौथाई से 8वें हिस्से तक कम है।

प्रति दस लाख की आबादी पर 18.6 मौतों के साथ देश में मृत्यु दर भी दुनिया में सबसे कम मृत्यु दर में से एक है। घर-घर  सर्वेक्षण, संक्रमित मरीजों के संपर्क में आने वालों का समय-समय पर पता लगाने, कैंटेनमेंट तथा बफ़र ज़ोन की निगरानी, परिधि नियंत्रण गतिविधियों,​​तेजी से परीक्षण तथा समय रहते निदान के लिए सभी राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के सहयोगात्मक प्रयासों के परिणामस्वरूप संक्रमित लोगों की शुरुआती पहचान हुई है। इससे संक्रमित लोगों का समय रहते उपचार करने में काफी मदद मिली है।

भारत ने कोविड-19 संक्रमण के विभिन्न स्तर जैसे हल्का, मध्यम और गंभीर मरीजों के लिए देखभाल प्रोटोकॉल के उन मानकों का पालन किया है जैसा कि स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय (एमओएचएफडब्ल्यू)के नैदानिक ​​प्रबंधन प्रोटोकॉल में स्पष्ट रूप से निर्दिष्ट है। प्रभावी नैदानिक ​​प्रबंधन कार्यनीतियों ने सकारात्मक परिणाम दिए हैं। कोविड संक्रमण के बिना किसी लक्षण वाले और हल्के स्तर के संक्रमण के लगभग 80%मामलों में चिकित्सकीय देखरेख में घर में ही आइसोलेशन में रखने की सलाह दी गई है। मध्यम और गंभीर रोगियों का उपचार या तो समर्पित कोविडअस्पतालों या समर्पित कोविड स्वास्थ्य केंद्रों में किया जा रहा है। हल्के और बिना किसी लक्षण वाले मरीजों को घर में आइसोलेशन में रखने की रणनीति से अस्पतालों पर बोझ कम करने में आसानी हुई और वहां गंभीर रूप से संक्रमित मरीजों के उपचार और मृत्यु दर को घटाने पर ध्यान केंद्रित किया गया है। यह भी उल्लेखनीय है कि आईसीयू में 1.94% से कम मरीज, वेंटिलेटर पर 0.35%मरीज और ऑक्सीजन बेड पर 2.81%मरीज रखे गए हैं।

अस्पतालों में भर्ती मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित करने के लिए देश भर में चिकित्सा आधारभूत संरचना को लगातार बढ़ाया जा रहा है। ठोस प्रयासों के परिणामस्वरूप कोविड-19के मरीजों के इलाज के लिए कोविड-19 अस्पताल अवसंरचना आज अधिक मजबूत है। आज देश  में 1383 समर्पित कोविड अस्पताल,3107 समर्पित कोविड स्वास्थ्य देखभाल केंद्र और 10,382 कोविड देखभाल केंद्र हैं। इसके साथ ही सभी राज्यों / केंद्र शासित प्रदेशों के अस्पतालों में 46,673 आईसीयू बेड,21,848 वेंटिलेटर हैं। देश में एन95मास्क और पीपीई किट की कोई कमी नहीं है। केंद्र ने राज्य / केंद्र शासित प्रदेशों / केंद्रीय संस्थानों को 235.58 लाख एन95 मास्क और 124.26 लाख पीपीई किट की आपूर्ति की है।

VARANASI TRAVEL
SHREYAN FIRE TRAINING INSTITUTE VARANASI

Related Articles

Back to top button
%d bloggers like this: