National

केंद्र सरकार की बड़ी पहल, हिंसा से प्रभावित महिलाएं इस नये हेल्पलाइन नंबर पर कर सकती हैं शिकायत

देश भर में महिलाओं की सुरक्षा और संरक्षा में अधिक सुधार लाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार की ओर से कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। इसी क्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति इरानी ने राष्ट्रीय महिला आयोग के हेल्पलाइन नंबर- 7827170170 का शुभारम्भ किया। इस हेल्पलाइन का उद्देश्य हिंसा से प्रभावित महिलाओं को पुलिस, अस्पतालों, जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण और मनोवैज्ञानिक सेवा प्रदान करना है। यह नंबर उपयुक्त अधिकारियों से जोड़कर रेफरल के माध्यम से 24/7 ऑनलाइन सहायता प्रदान करेगा।

सरकार और आयोग महिलाओं के साथ

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति इरानी ने इस पहल के लिए राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) को बधाई दी और नई हेल्पलाइन की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह डिजिटल हेल्पलाइन महिलाओं को संदेश देती है कि जब भी उन्हें जरूरत होगी, उनकी सरकार और उनका आयोग उनके साथ खड़ा रहेगा।

18 वर्ष से अधिक आयु की महिला या लड़की ले सकती हैं मदद

इस अवसर, एनसीडब्ल्यू की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने कहा कि प्रशिक्षित विशेषज्ञों की एक टीम के साथ हेल्पलाइन काम करेगी। नई दिल्ली में राष्ट्रीय महिला आयोग के परिसर से संचालित होने वाली इस हेल्पलाइन पर 18 वर्ष या उससे अधिक आयु की कोई भी लड़की या महिला कॉल करके मदद ले सकती है। इस हेल्प लाइन के जरिए पीड़ित महिला वन स्टॉप सेंटर के बारे में भी जानकारी ले सकती हैं।

24 घंटे उपलब्ध रहेगा नंबर

हेल्पलाइन का उद्देश्य हिंसा से प्रभावित महिलाओं को पुलिस, अस्पतालों, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मनोवैज्ञानिक सेवाओं जैसे उचित अधिकारियों से जोड़कर 24 घंटे के लिए एक नम्बर द्वारा शिकायत और परामर्श सेवाएं प्रदान करना है। साथ ही देश भर में महिलाओं से संबंधित सरकारी कार्यक्रमों के बारे में जानकारी प्रदान करना है। बता दें कि इस हेल्पलाइन सेवा को डिजिटल इंडिया कॉर्पोरेशन, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सहयोग से विकसित किया गया है।

VARANASI TRAVEL
SHREYAN FIRE TRAINING INSTITUTE VARANASI

Related Articles

Back to top button
%d bloggers like this: