बुजुर्ग महिला की गला दबाकर की हत्या
भीलवाड़ा । भीलवाड़ा के हमीरगढ़ कस्बे में सोमवार देर शाम एक मकान में घुसे नकाबपोश बदमाश ने 65 साल की बुजुर्ग महिला की गला दबाकर हत्या कर दी। उसके पति को मारपीट कर लहूलुहान कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश भाग छूटा।मंगलवार सुबह महिला की लाश बाथरुम में औंधे मुंह पाई गईं। उसका पति घायलावस्था में अचेत मिला। आग की तरह कस्बे में फैली इस खबर को सुनकर बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गये। हमीरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल बुजुर्ग को अस्पताल में भर्ती कराया गया। हमीरगढ़ पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया।
डीएसपी सदर रामचंद्र चैधरी के अनुसार हमीरगढ़ में होली का चौक के पास गली में 70 वर्षीय नाथूलाल पुत्र बंशीलाल सोमानी, अपनी पत्नी प्रेमदेवी व मानसिक विक्षिप्त पोते के साथ रह रहे थे। मकान में प्रेम देवी की लाश बाथरूम में औंधे मुंह पाई गई। बाथरूम का दरवाजा भी बाहर से बंद था। नाथूलाल घायल होकर अचेतावस्था में मिले। उनके शरीर पर धारदार हथियार से चोट के निशान पाये गये। इससे पहले दंपती के घर के बाहर नहीं आने पर एक महिला ने उन्हें आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
थाना प्रभारी पुष्पा कासौटिया मौके पर पहुंची और वारदात स्थल का जायजा लिया। घायल नाथूलाल से बाद में पुलिस ने बयान लिये। इस पर नाथूलाल ने पुलिस को बताया कि घर में शैतान (राक्षस) आया था। वह मुंह बांधे हुये था। शैतान ने पहले उसकी पत्नी प्रेम देवी को गला दबाकर मार दिया। इस दौरान मैं, खाना खा रहा था । मेरा भी दो बार गला दबाया। मारपीट भी की। जिससे चेहरे पर भी चोट आई। जैसे-तैसे मैं रूम में चला गया।
डीएसपी ने बताया कि सत्तर वर्षीय बुजुर्ग डरा-सहमा हुआ है। ज्यादा बोल नहीं पा रहा है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया। पोस्टमार्टम के बाद महिला का शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस वारदात को लेकर कस्बे में सनसनी फैल गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गये थे। इस वारदात को लेकर लोग सहमे हुये नजर आये।कर्जे में डूबा हुआ है परिवार-डीएसपी ने बताया कि सोमानी परिवार कर्जे से डूबा हुआ था। सोमानी के दो बेटे हैं, जो मुंबई में रहते हैं। एक बेटे पर 17 लाख रुपये का कर्ज हो गया था, जिसके चलते वह मुंबई चला गया था। वहीं दूसरा बेटा सीए है। उसका काम भी ठीक से नहीं चल रहा है।(हि.स.)