गरियाबंद : छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा के पास गरियाबंद जिले में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में ओडिशा स्टेट कमेटी के प्रमुख चलपति समेत 14 नक्सली मारे गये हैं।ओडिशा पुलिस मुख्यालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी। घटनास्थल से भारी मात्रा में हथियार और गोला बारूद भी बरामद किए गए हैं। मौके पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। ओडिशा स्टेट कमेटी के प्रमुख चलपति के मारे जाने से नक्सली आंदोलन को बड़ा झटका लगा है।
पुलिस ने कल जानकारी दी थी कि 20 जनवरी की सुबह सुरक्षा बलों ने कुल्हाड़ी घाट रिजर्व फॉरेस्ट में नक्सलियों के खिलाफ एक बड़ा अभियान शुरू किया था। इस ऑपरेशन में ओडिशा और छत्तीसगढ़ पुलिस की 10 टीमें शामिल हैं। जिनमें विशेष अभियान समूह (एसओजी) की तीन, छत्तीसगढ़ पुलिस की दो और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की पांच टीमें शामिल थीं। अभियान की शुरुआत के कुछ ही समय बाद नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे सुरक्षा बलों ने इलाके में तेजी से घेराबंदी की। कुल्हाड़ी घाट स्थित भालू डिग्गी जंगल में 1000 जवानों ने 60 नक्सलियों को घेर रखा है। मामला मैनपुर थाना इलाके का है।
जवानों ने जिन 14 नक्सलियों को ढेर कर दिया है, सभी का शव बरामद कर लिया गया है। इसमें कई हार्डकोर नक्सली शामिल है।मिली जानकारी के अनुसार पुलिस की टीम को गरियाबंद के जंगलों में बड़े नक्सलियों की गतिविधि की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर करीब 700 जवानों की टीम को जंगल की ओर रवाना किया गया था। तलाश के दौरान जवानों के साथ नक्सलियों की मुठभेड़ हो गई। जवानों ने 14 नक्सलियों को मार गिराया। कहा जा रहा है कि मारे गए नक्सलियों की संख्या में इजाफा हो सकता है।
14 नक्सलियों की मौत, नक्सलवाद पर एक और करारा प्रहार है : शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा पर संयुक्त अभियान में 14 नक्सलियों को मार गिराने के लिए सुरक्षा बलों की सराहना करते हुए कहा कि यह “ नक्सलवाद पर एक और करारा प्रहार है।”श्री शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर कहा, “ नक्सलवाद पर एक और करारा प्रहार। हमारे सुरक्षा बलों ने नक्सल मुक्त भारत के निर्माण की दिशा में बड़ी सफलता हासिल की है। सीआरपीएफ, एसओजी ओडिशा और छत्तीसगढ़ पुलिस ने ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा पर संयुक्त अभियान में 14 नक्सलियों को मार गिराया। नक्सल मुक्त भारत के हमारे संकल्प और हमारे सुरक्षा बलों के संयुक्त प्रयासों से आज नक्सलवाद अपनी अंतिम सांसें ले रहा है।”उल्लेखनीय है कि ओडिशा के नुआपाड़ा जिले की सीमा से सिर्फ पांच किलोमीटर दूर स्थित छत्तीसगढ़ के कुलारीघाट रिजर्व फॉरेस्ट में ओडिशा और छत्तीसगढ़ पुलिस तथा सीआरपीएफ कर्मियों द्वारा चलाए गए संयुक्त अभियान में कम से कम 14 माओवादी मारे गए हैं।(वार्ता)
उत्तर प्रदेश:पुलिस मुठभेड़ में एक लाख के इनामी बदमाश समेत चार ढेर